Tejashwi Yadav: राजधानी पटना में आज टीआरई-4 समेत अन्य भर्तियों को लेकर छात्र सीएम आवास का घेराव करने निकले। हालांकि पुलिस और प्रशासन ने छात्रों को डाकबंगला चौराहे से आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान छात्रों पर वाटर कैनन का प्रयोग किया गया और उनपर लाठियां भी बरसाईं गई। छात्रों पर हुए लाठीचार्ज औऱ वाटर कैनन के प्रयोग पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है।
तेजस्वी का सम्राट सरकार पर हमला
तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, चोर चोरी से जाए सीनाजोरी से न जाए। तेजस्वी ने कहा कि, 𝐀𝐊-𝟒𝟕 से छात्रों पर गोलियां बरसाने वाली निरंकुश एनडीए सरकार चौतरफा हुए आलोचना और विपक्ष के दबाव में आकर गोलीबारी तो छोड़ सकती है, पर लाठीचार्ज नहीं छोड़ सकती।
उन्होंने कहा कि, इस सरकार का छात्रों के प्रति तानाशाही रवैया खत्म होने का नाम नहीं ले रहा। आज फिर आंदोलनरत छात्रों पर बिहार की जुल्मी सरकार ने अत्याचार किया। परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित कराने, नौकरी एवं पढ़ाई की लड़ाई लड़ रहे छात्र-युवाओं से निकम्मी संघी सरकार संवाद नहीं करेगी, लेकिन अहंकारी अधिकारियों से उनका अपमान करा, शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर पुलिस से बर्बर लाठीचार्ज करवाएगी।
सरकार लाठी चलवाएं या गोली…- तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि, 𝐌𝐨𝐧𝐞𝐲 और 𝐌𝐚𝐜𝐡𝐢𝐧𝐞 के लूट तंत्र से बनी इस डकैत सरकार से बिहार के युवा डरने वाले नहीं है। परिवारवादियों और भ्रष्टाचारियों से भरी पड़ी 𝐍𝐃𝐀 सरकार छात्रों पर लाठी चलवाएं या गोली, बिहार के छात्र अब पीछे नहीं हटेंगे। गौरतलब है कि तेजस्वी यादव बीते दिनों गर्दनीबाग धरना स्थल पर भी पहुंचे थे, जहां उन्होंने छात्रों की मांगों को जायद बताते हुए कहा था कि सरकार को उनकी मांगों को मानना होगा।
आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय में छात्रों का तोड़फोड़
बता दें कि राजधानी पटना के लिए आज का दिन का छात्रों के हंगामे का दिन रहा। एक तरफ जहां टीआरई -4 समेत अन्य भर्तियों की मांग को लेकर छात्र सीएम आवास का घेराव करने निकले। इस दौरान पुलिस ने उनपर लाठियां बरसाईं और वाटर कैनन का प्रयोग किया। वहीं, दूसरी तरफ आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय में भी छात्रों का जमकर हंगामा देखने को मिला है।
छात्रों ने सेमेस्टर की परीक्षा में देरी, रिजल्ट में गड़बड़ी, सेशन लेट होने समेत अन्य शिकायतों को लेकर विश्वविद्यालय के अंदर जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान छात्रों ने पुलिस कर्मियों पर भी हमला बोल दिया। किसी तरह पुलिसकर्मी अपनी जान बचाकर भागने में सफल रहा।
मीठापुर में नर्सिंग छात्रों ने जाम किया सड़क
पटना के मीठापुर में भी नर्सिंग की पढ़ाई करने वाले सैकड़ों छात्र सड़क पर उतर आए और करीब 2 घंटे से अधिक समय तक मुख्य सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया। छात्रों का आरोप है कि उनका सेमेस्टर लेट चल रहा है। वहीं दूसरे सेमेस्टर में मार्क्स कटौती को लेकर भी उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर की।
इसकी सूचना मिलते ही जक्कनपुर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद कुछ मिनटों के लिए ट्रैफिक व्यवस्था सुधरती दिखी, लेकिन उसके तुरंत बाद छात्र फिर से सड़क पर बैठ गए और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन तेज कर दिया। लंबित सेमेस्टर जल्द कराया जाए और एग्जाम प्रक्रिया में पारदर्शिता लाई जाए। यह छात्रों की मुख्य मांग है। इस प्रदर्शन का असर इतना रहा कि करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित हाईवे पर भी लंबा जाम देखने को मिला।
ये भी पढ़ें- ‘मुसलमानों को डराया जा रहा’, MLC खालिद अनवर का बड़ा बयान, बोले- भय के साए से निकलना होगा बाहर


