सोहराब आलम, मोतिहारी। जदयू एमएलसी खालिद अनवर ने मुसलमानों को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। बिहार में सत्ताधारी दल (NDA)का सदस्य होते हुए भी खालिद अनवर ने कहा है कि, देश में मुस्लिमों को आइसोलेट (अलग/बहिष्कार) कर डराया जा रहा है और नफरत बांटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि, इसलिए समय आ गया है कि देश के मुसलमानों को अब जागने की जरूरत है, उन्हें इस डर के साए से बहार आने की जरूरत है।

‘मुसलमानों को मंच पर बुलाने से डरती हैं पार्टियां’

खालिद अनवर ने मुसलमानों को एकजुट करने का आह्वान करते हुए कहा कि, आगामी 22 नंवबर को मोतिहारी की धरती से पूरे देश के मुसलमानों के लिए सियासी इंकलाब की एक तारीख लिखी जाएगी, जो पूरे देश के मुसलमानों में एक बेदारी लाएगी और देश में जो लोग नफरते बांट रहे है, उनको एक पैगाम जाएगा। उन्होंने कहा कि, क्योंकि अभी के वक्त में मुसलमानों को तो सियासी पार्टियां भी मंच पर बुलाने से डरने लगी है। इसलिए  मुसलमानों को भय के साए से बहार निकलना होगा। जदयू एमएलसी ने आगे यह भी कहा कि, कुछ चीजें मैं अभी बोलना नहीं चाहता हूं।

CM सम्राट पर भी दिया बड़ा बयान

इस दौरान जदयू एमएलसी खालिद अनवर ने सीएम सम्राट चौधरी को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि, सीएम सम्राट चौधरी को नीतीश कुमार के राह पर ही चलना होगा। तभी बिहार का विकास हो सकेगा। ऐसे में अब देखने वाली बात यह होगी की जिस हिसाब से खालिद अनवर ने मुख्यमंत्री को लेकर यह बयान दिया है, उसपर बीजेपी नेताओं की क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।

22 नवंबर को विशाल कार्यक्रम का आयोजन

आपको बता दें कि मोतिहारी में आगामी 22 नवंबर 2026 को इमाम-उल-हिंद मौलाना अबुल कलाम आज़ाद के यौम-ए-पैदाइश के अवसर पर टाउन हॉल मैदान में ‘मौलाना आज़ाद की सियासत और वर्तमान मुसलमान’ विषय पर एक विशाल आयोजन की तैयारी चल रही है। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आज मंगलवार 25 अगस्त को रहमानिया मेडिकल सेंटर में एक बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें शामिल होने के लिए जदयू एमएलसी खालिद अनवर भी पहुंचे हुए थे। इस दौरान उन्होंने ये सभी बाते कहीं।

ये भी पढ़ें- ‘जिसने 10वीं पास नहीं की, वो सुझाव दे रहा…’, तेजस्वी पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का बड़ा हमला