कुंदन कुमार, पटना। नीट पेपर लीक मामले को लेकर गिरफ्तार किए गए छात्रों के बीच बिहार सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। गृह विभाग ने पत्र जारी कर इस बात की घोषणा की है कि 26 जुलाई की शाम 6 बजे तक आंदोलन से जुड़े लोगों पर दर्ज सभी एफआईआर, परिवाद और कारण बताओ नोटिस को वापस लिया जाएगा।

इस मामले में छात्रों के खिलाफ कोई भी कार्रवाई नहीं की जाएगी। इसके साथ ही गिरफ्तार किए गए लोगों को जल्द ही रिहा किया जाएगा। गौरतलब है कि बिहार भर में हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान कई जगहों पर हिंसक घटनाएं सामने आई थी, जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में कई छात्रों और विपक्ष के नेताओं को गिरफ्तार किया है।

तेजस्वी ने सम्राट सरकार को चेताया

बिहार सरकार के इस फैसले पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है। तेजस्वी यादव ने कहा कि, हमने छात्रों की रिहाई को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र तो लिखा ही था। आपने छात्रों की रिहाई का आदेश भी दे दिया, जब हम लोगों ने आपको चेताया। लेकिन हमने जो पत्र लिखा था, आप उसे पढ़ तो लेते। आपने रिहाई का आदेश तो दे दिया। लेकिन किसके आदेश पर गोली चलाई गई? किसके आदेश पर गिरफ्तारी की गई? उस जांच का क्या होगा?

दोषी अधिकारियों के खिलाफ न्यायिक जांच की मांग

तेजस्वी ने सीएम सम्राट से दोषी अधिकारियों के खिलाफ जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि, केवल एक सिपाही को बलि का बकरा नहीं बनाया जाए। क्योंकि एक सिपाही में इतनी हिम्मत नहीं की वे प्रदर्शन कर रहे निहत्थे छात्रों के सीने पर एके-47 से गोली चला दे। इस मामले की न्यायिक जांच होनी चाहिए। तब तक हम लोग चुप नहीं बैठने वाले हैं।

इसके साथ ही तेजस्वी यादव ने उन अधिकारियों को भी चेतावनी दी, जिन्होंने छात्रों की गिरफ्तारी और गोली चलाने का आदेश दिया। तेजस्वी ने कहा कि, सम्राट चौधरी आपको बचाने नहीं आएंगे। वे कब आए हैं और कब चले जाएंगे। इसकी कोई गारंटी नहीं है। इसलिए आप लोग भी प्रोटोकॉल में रहकर संविधान के हिसाब से चलिए।

सरकार को दिया था 24 घंटे का अल्टीमेटम

बता दें कि पुलिस ने आंदोलन के दौरान प्रदेश भर में हुई हिंसक घटनाओं के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए कई छात्रों और छात्र नेताओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को भी गिरफ्तार किया है, जो फिलहाल बेउर जेल में बंद हैं। छात्रों की गिरफ्तारी को लेकर तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार को बीते रविवार की शाम कड़ी चेतावनी देते हुए कल तक का अल्टीमेटम दिया था।

तेजस्वी ने रविवार को मीडिया से बातचीत के दौरान कहा था कि, यदि कल तक सभी छात्रों पर से फर्जी मुकदमे वापस नहीं लिए गए, गिरफ्तार किए गए युवाओं और अन्य लोगों को रिहा नहीं किया गया तथा तेज प्रताप यादव को जेल से नहीं छोड़ा गया, तो राष्ट्रीय जनता दल पूरे बिहार राज्य में एक विशाल और व्यापक आंदोलन का बिगुल फूंकेगा। अंत में उन्होंने कहा कि बिहार की दशा और दिशा तभी सुधर सकती है जब यह वर्तमान सरकार सत्ता से बाहर होगी।

ये भी पढ़ें- बांकीपुर उपचुनाव में नीतीश कुमार की एंट्री, BJP प्रत्याशी नीरज सिन्हा के लिए मांगा वोट