पटना। बिहार STF ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मोतिहारी के चर्चित राजद (RJD) नेता देवा गुप्ता को पटना से गिरफ्तार किया है। देवा गुप्ता, जिन्हें तेजस्वी यादव का करीबी माना जाता है, पर हत्या, लूट और रंगदारी समेत कुल 28 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस की टॉप अपराधियों की सूची में उनका नाम सबसे ऊपर था।

​पटना के पॉश अपार्टमेंट से हुई गिरफ्तारी

​STF को गुप्त सूचना मिली थी कि देवा गुप्ता पटना के पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र स्थित राधिका अपार्टमेंट में छिपे हैं। शुक्रवार को पुलिस ने फ्लैट नंबर 301 पर छापेमारी कर उन्हें हिरासत में लिया। देवा गुप्ता की पत्नी प्रीति कुमारी मोतिहारी की मेयर हैं। हालांकि, गिरफ्तारी के बाद पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। पत्नी का दावा है कि अधिकांश मामलों में उन्हें बेल मिली हुई है और दो मामलों पर हाईकोर्ट का स्टे है।

​100 अपराधियों की ‘हिट लिस्ट’ में नंबर वन

​मोतिहारी पुलिस ने अपराध नियंत्रण के लिए 100 कुख्यात अपराधियों की एक सूची तैयार की थी, जिसमें देवा गुप्ता का नाम टॉप पर था। उन पर शराब और भू-माफिया होने के साथ-साथ जमीन कब्जाने के भी गंभीर आरोप हैं। फरार रहने के कारण SP ने उन पर 1 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की थी और 10 दिनों में सरेंडर करने का अल्टीमेटम दिया था।

​कोर्ट की ढाल और सियासी सफर

​गिरफ्तारी से पहले देवा गुप्ता ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, जिसके बाद अदालत ने उनकी अग्रिम जमानत अर्जी लंबित रहने तक किसी भी दंडात्मक कार्रवाई पर रोक लगा दी थी। राजनीतिक तौर पर देवा काफी सक्रिय रहे हैं। उन्होंने 2022 में अपनी पत्नी को मेयर बनवाया और 2025 के चुनाव में राजद के टिकट पर चुनावी मैदान में उतरे थे।

​शादी की सालगिरह पर ‘पुलिसिया’ सरप्राइज

​हैरानी की बात यह है कि देवा की गिरफ्तारी उनकी शादी की सालगिरह के दिन हुई। गिरफ्तारी से महज 8 घंटे पहले उन्होंने फेसबुक पर अपनी पत्नी के लिए एक भावुक पोस्ट साझा की थी, जिसमें उन्होंने पत्नी को अपना गर्व और अभिमान बताया था। लेकिन खुशियों के इस दिन उन्हें पुलिसिया कार्रवाई का सामना करना पड़ा।