शरद पाठक, छिंदवाड़ा। शहर के बस स्टैंड स्थित अमित ढेंगे चौक पर भगवा ध्वज उतारे जाने को लेकर मंगलवार को विवाद की स्थिति बन गई। नगर निगम के कर्मचारियों द्वारा ध्वज हटाए जाने की जानकारी सामने आने के बाद हिंदू संगठनों और कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और ध्वज दोबारा लगाए जाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
READ MORE: निलंबित CSP नेहा पच्चीसिया की बढ़ीं मुश्किलें! संपत्ति कुर्क और फरार घोषित करने कोर्ट पहुंचा आवेदन
कई घंटों तक मौके पर हंगामा और विरोध चलता रहा। स्थिति की जानकारी मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एसडीएम सुधीर जैन और नगर निगम के अधिकारी/कमिश्नर ने आंदोलन कर रहे लोगों से चर्चा कर मामले को शांत कराने का प्रयास किया। अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम को लेकर आंदोलनकारियों से बातचीत की और उनकी आपत्तियां सुनीं। इसके बाद नगर निगम कमिश्नर ने मौके पर ही भगवा ध्वज को दोबारा फहराया। अधिकारियों द्वारा स्वयं ध्वज लगाए जाने के बाद आंदोलन कर रहे लोगों ने अपना विरोध समाप्त कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने अधिकारियों के इस कदम के बाद राहत जताई।
गौरतलब है कि अमित ढेंगे चौक पर भगवा धर्म ध्वजा पूर्व में भी धार्मिक आयोजन के दौरान फहराई जा चुकी है। वर्ष 2023 में इसी स्थान पर भगवा धर्म ध्वजा के ध्वजारोहण का कार्यक्रम भी हुआ था। विवाद के दौरान प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित रखा गया और अधिकारियों की समझाइश के बाद मामला शांत हो गया।
READ MORE: इंदौर में सूने मकानों के ‘शिकारी’ गिरफ्तार! CCTV ने खोली बदमाशों की पोल, लग्जरी लाइफ के लिए करते थे चोरी
असल में यह स्तंभ सरकारी है और जानकारी के अनुसार तिरंगा फहराने के लिए लगाया गया था लेकिन धार्मिक आयोजनों के चलते उस पर भगवा ध्वज लहरा दिया गया था जिस पर किसी ने आपत्ति नहीं की परंतु अभी कलेक्टर ने उसे पर तिरंगा फहराने का आदेश जारी कर दिया जिसके परिपालन में कमिश्नर नगर निगम ने भगवा झंडे को उतारा और इस बात से लेकर विवाद खड़ा हो गया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



