करनाल। हरियाणा के करनाल में जीटी रोड पर सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो मासूम सगे भाइयों की जान चली गई, जबकि उनकी मां और मामा घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई।

जानकारी के अनुसार, नीलोखेड़ी के संगोही गांव निवासी दोनों बच्चे अपनी मां के साथ मामा के घर गए हुए थे। सोमवार को मां और मामा के साथ बाइक पर सवार होकर वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान जीटी रोड पर खड़े एक वाहन के चालक ने अचानक दरवाजा खोल दिया, जिससे बाइक उसका शिकार हो गई।

टक्कर लगते ही दोनों बच्चे सड़क पर जा गिरे। तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने दोनों मासूमों को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि दोनों सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। मृत बच्चों की उम्र 10 और 12 वर्ष बताई जा रही है।

हादसे में बच्चों की मां और मामा भी घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।