पंचकूला। जीरकपुर-शिमला नेशनल हाईवे पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की जान चली गई। हादसा इतना भयावह था कि ऑटो ट्रक के पीछे जा घुसा और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
अचानक ब्रेक लगने से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, हादसा पिंजौर क्षेत्र में सूरजपुर-सुखोमाजरी बाइपास के पास हुआ। कालका के कुरारी मोहल्ला निवासी रेवा देवी (75) ऑटो में सवार होकर सफर कर रही थीं। इसी दौरान आगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। ऑटो चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ऑटो सीधे ट्रक के पीछे जा टकराया।
गंभीर रूप से घायल हुईं बुजुर्ग महिला
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में रेवा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तुरंत पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
ट्रक चालक मौके से फरार
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। वहीं ऑटो चालक राहुल को मामूली चोटें आई हैं। घटना की सूचना पुलिस हेल्पलाइन 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

