Automobile Desk : इलेक्ट्रिक वाहन बनाने वाली दिग्गज अमेरिकी कंपनी टेस्ला की सबसे चर्चित और प्रतीक्षित स्पोर्ट्स कार ‘न्यू जनरेशन रोडस्टर’ का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। लंबे समय से टल रही इस कार को कंपनी आखिरकार 1 अक्टूबर 2026 को दुनिया के सामने पेश करने जा रही है। टेस्ला ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर ‘Go for launch’ कैप्शन के साथ एक नया टीजर साझा किया है, जिसमें 10.01 की तारीख दिखाई गई है। इस टीजर के सामने आते ही ऑटोमोबाइल बाजार में हलचल तेज हो गई है।

दूसरी जनरेशन की इस रोडस्टर को कंपनी ने पहली बार साल 2017 में एक कॉन्सेप्ट के रूप में पेश किया था। उस वक्त इसे 2020 तक बाजार में उतारने की योजना थी, लेकिन निर्माण और तकनीकी कारणों से इसकी लॉन्चिंग बार-बार टलती रही। लगभग 9 साल के लंबे इंतजार के बाद अब कंपनी इसे आधिकारिक तौर पर पेश करने की तैयारी में है। हालांकि, कार की कीमतों और ग्राहकों तक इसकी डिलीवरी कब से शुरू होगी, इस पर से पर्दा उठना अभी बाकी है।

ड्राइविंग रेंज के मामले में यह इलेक्ट्रिक कार नए मानक स्थापित कर सकती है। शुरुआती प्रेजेंटेशन के दौरान टेस्ला ने दावा किया था कि यह कार सिंगल चार्ज में 620 मील यानी लगभग 998 किलोमीटर तक की दूरी तय कर सकती है। वर्तमान में कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर इसकी रेंज 1,000 किलोमीटर दर्शाई गई है। अगर यह दावा सच साबित होता है, तो यह मौजूदा समय में दुनिया की सबसे लंबी रेंज देने वाली इलेक्ट्रिक कारों में से एक बन जाएगी।

रेंज के साथ-साथ इस कार की स्पीड और पिकअप भी बेहद हैरान करने वाले हैं। 2017 के आंकड़ों के मुताबिक, यह कार महज 1.9 सेकंड में 0 से 60 मील प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ने में सक्षम थी। वहीं वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, यह 2.1 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटे की स्पीड पकड़ सकती है, जबकि इसकी टॉप स्पीड 400 किलोमीटर प्रति घंटे से भी ज्यादा बताई जा रही है। रफ्तार के ये आंकड़े इसे दुनिया की सबसे तेज इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स कारों की कतार में सबसे आगे खड़ा करते हैं।

टीजर में सबसे ज्यादा ध्यान कार के पिछले हिस्से से निकलती हुई गैस के शॉट ने खींचा है। ऑटो एक्सपर्ट्स का मानना है कि एलन मस्क अपनी स्पेस कंपनी ‘SpaceX’ की कोल्ड-गैस थ्रस्टर (Cold-gas thrusters) तकनीक का इस्तेमाल इस कार में करने जा रहे हैं। मस्क पहले भी संकेत दे चुके हैं कि रोडस्टर के एक विशेष वेरिएंट में रॉकेट जैसी थ्रस्टर तकनीक दी जा सकती है, जिससे कार का एक्सीलेरेशन और कॉर्नरिंग परफॉर्मेंस कई गुना बढ़ जाएगा। हालांकि, यह तकनीक सभी मॉडल में होगी या केवल स्पेशल एडिशन में मिलेगी, इसका खुलासा 1 अक्टूबर को ही होगा।