० मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी नेे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर जिला उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों तथा संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ प्रबंधों की समीक्षा, दिए आवश्यक निर्देश

करनाल। 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर करनाल जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम अनाज मंडी करनाल में भव्य स्तर पर आयोजित किया जाएगा। उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने शुक्रवार को लघु सचिवालय सभागार में अधिकारियों की बैठक लेकर सभी विभागों को समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में आयुष, पंचायत, परिवहन, पर्यटन, पुलिस, खेल, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों और आयुष विभाग की गाइडलाइन के अनुसार सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करें और कार्यक्रम में ज्यादा से ज्यादा लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करें।

सीएम सैनी ने ली समीक्षा बैठक
इससे पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योग को जन आंदोलन बनाने के लिए “हर घर योग-हर दिन योग” अभियान के तहत लोगों को जागरूक किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं, स्थानीय निकायों, आरडब्ल्यूए, शिक्षण संस्थानों और युवाओं को योग से जोड़ने के विशेष प्रयास किए जाएं ताकि लोग योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना सकें। उन्होंने व्यायामशालाओं और योगशालाओं का निरीक्षण कर वहां जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

सोशल मीडिया के माध्यम से हो प्रचार
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि 1 जून से 21 जून तक योग से जुड़ी गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार सोशल मीडिया और सूचना जनसंपर्क विभाग के माध्यम से किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज पूरी दुनिया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को बड़े स्तर पर मना रही है।

आयुष विभाग के आयुक्त संजीव वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों और ब्लॉक स्तर पर 21 जून को योग दिवस मनाया जाएगा, जबकि राज्य स्तरीय कार्यक्रम पंचकूला में आयोजित होगा।

मास्टर ट्रेनर पीटीआई और डीपीई को देंगे प्रशिक्षण
उन्होंने बताया कि 1 जून से योग गतिविधियां शुरू हो जाएंगी। 11 से 13 जून तक मास्टर ट्रेनर पीटीआई और डीपीई को प्रशिक्षण देंगे। इसके बाद स्कूलों में विद्यार्थियों को योग प्रशिक्षण दिया जाएगा। 15 जून को जिला मुख्यालयों पर मैराथन आयोजित होगी, जबकि 16 से 18 जून तक जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इसके अलावा 19 जून को सेमिनार और संगोष्ठियों का आयोजन होगा तथा 20 जून को कार्यक्रम स्थलों पर पायलट रिहर्सल की जाएगी। 21 जून को मुख्य योग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।