सुशीला देवी ,गुडगांव। ऑनलाइन खरीदारी के नाम पर लोगों को ठगने वाले एक बड़े साइबर गिरोह का गुरुग्राम पुलिस ने पर्दाफाश किया है। साइबर अपराध थाना मानेसर की टीम ने दिल्ली के न्यू अशोक नगर में छापेमारी कर Big Basket और D-Mart के नाम पर फर्जी कॉल सेंटर चला रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 18 मोबाइल फोन और एक टैब बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, एक पीड़ित ने शिकायत दी थी कि फेसबुक पर ऑनलाइन सामान खरीदने के लिए दिखाए गए विज्ञापन के जरिए उससे संपर्क किया गया। आरोपियों ने उसे फर्जी पेमेंट लिंक भेजा, जिस पर क्लिक करते ही उसका मोबाइल हैक हो गया और उसके खाते से 56,650 रुपये निकाल लिए गए।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरोह तक पहुंच बनाई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी फेसबुक पर Big Basket और D-Mart के नाम से फर्जी विज्ञापन चलाकर लोगों को आकर्षित करते थे। इसके बाद खरीदारी और सत्यापन के नाम पर .APK फाइल या फर्जी लिंक भेजकर मोबाइल फोन और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी हासिल कर लेते थे। इसी जानकारी का इस्तेमाल कर साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम दिया जाता था।

पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की जा रही है। आशंका है कि यह गिरोह देशभर में कई लोगों को अपना शिकार बना चुका है।