संजीव घनगस ,सोनीपत। शम्भु दयाल डिस्पोजल परिसर में मुख्य पाइप लाइन फटने से शहर की सीवरेज निकासी व्यवस्था पूरी तरह से बाधित हो गई। डिस्पोजल परिसर में पानी का स्तर बढ़ गया, जिससे इससे जुड़ी कई कालोनियों की गलियों में सीवर का पानी भरने लगा और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलने पर नवनिर्वाचित मेयर राजीव जैन मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करवाया और संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए लापरवाही पर नाराजगी जताई।
पाइप लाइन फटने से पुरानी अनाज मंडी, भरतपुरी, प्रभु नगर मंडी, आर्य नगर, सूरी पेट्रोल पंप वाली गली, विकास नगर, गढ़ी घसीटा सहित लगभग डेढ़ दर्जन से अधिक कालोनियों में सीवरेज जाम की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह लाइन लगभग एक सप्ताह पहले ही क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसके कारण सारंग रोड अंडरब्रिज के नीचे पानी जमा होना शुरू हो गया था, लेकिन समय रहते ध्यान नहीं दिया गया। लगातार शिकायतों के बाद जब मेयर ने मामले का संज्ञान लिया तो वास्तविक स्थिति का पता चला।
मेयर राजीव जैन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरम्मत कार्य को एक ही दिन में पूरा किया जाए, ताकि नागरिकों को जल्द से जल्द राहत मिल सके। उन्होंने यह भी बताया कि शम्भु दयाल डिस्पोजल से गीता भवन तक की पुरानी पाइप लाइन बार-बार टूटती रहती है, इसलिए 98 लाख रुपये की लागत से नई पाइप लाइन बिछाने का कार्य स्वीकृत हो चुका है, जिसे शीघ्र ही शुरू किया जाएगा।

