अंबाला। अंबाला के Prit Nagar इलाके से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बंद मकान से दो सगी बहनों के गले-सड़े शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। कई दिनों से घर से बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पूरा मामला सामने आया।
मृतकों की पहचान 45 वर्षीय मानु कश्यप और 40 वर्षीय अंजना कश्यप के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि माता-पिता के निधन के बाद दोनों बहनें अकेले इसी घर में रहती थीं। मानु मानसिक रूप से परेशान रहती थी, जबकि अंजना उसकी देखभाल करती थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों का किसी से ज्यादा मेलजोल नहीं था और वे शायद ही कभी घर से बाहर निकलती थीं।
बदबू फैलने पर पड़ोसियों ने पुलिस को दी सूचना
करीब 15 दिनों से दोनों बहनों को बाहर न देखने के बाद भी किसी को अनहोनी का अंदेशा नहीं हुआ। जब घर से तेज बदबू फैलने लगी तो पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा।
घर के अंदर का दृश्य बेहद भयावह था। दोनों बहनों के शव बुरी तरह सड़ चुके थे। कमरे में इस्तेमाल किए गए डायपरों के ढेर लगे हुए थे, जिससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि दोनों बेहद बदहाल और लाचारी भरी जिंदगी जी रही थीं।
सबसे दुखद पहलू यह रहा कि मौत की खबर मिलने के बाद भी कोई परिजन मौके पर नहीं पहुंचा। फिलहाल पुलिस पड़ोसियों के बयान के आधार पर कार्रवाई कर रही है और दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले की जांच जारी।

