वीरेंद्र गहवई, बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के अरपा नदी में युवक की सड़ी-गली लाश तैरती मिली, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। लोगों की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकाला और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। यह मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।

क्या है पूरा मामला ?

दरअसल, सरकंडा क्षेत्र से गुजरने वाली अरपा नदी में रविवार को स्थानीय लोगों ने एक शव को पानी में तैरते हुए देखा। नदी में लाश होने की खबर फैलते ही किनारे पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया।

पुलिस के मुताबिक, शव काफी दिन पुराना है और पानी में लगातार रहने के कारण बुरी तरह सड़-गल चुका है, जिसके कारण उसकी पहचान नहीं हो पाई है।

पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। सरकंडा पुलिस का कहना है कि मौत का असल कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा। यह मामला हत्या, आत्महत्या या फिर कोई हादसा है इसकी जांच जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m