लखनऊ। उत्तर प्रदेश के होनहार और आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि वाले युवाओं के प्रशासनिक सेवा (सिविल सर्विसेज) में जाने के सपने को साकार करने के लिए योगी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिशा-निर्देशन में समाज कल्याण विभाग द्वारा चलाई जा रही ‘निःशुल्क आईएएस/पीसीएस कोचिंग योजना’ इस समय प्रदेश के युवाओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। निजी संस्थानों की महंगी फीस और कोचिंग के भारी-भरकम खर्च से परेशान गरीब और वंचित वर्ग के विद्यार्थियों के लिए यह योजना किसी वरदान से कम नहीं है।
5 जुलाई 2026 को चयन परीक्षा का आयोजन
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इस योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की शुरुआत हो चुकी है और पंजीकरण कराने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या में हर दिन रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 18 जून 2026 तक आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपना आवेदन जमा कर सकते हैं, जिसके बाद 5 जुलाई 2026 को चयन परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।
READ MORE: ‘ताल-पोखरों को बपौती समझते थे लोग…’, CM योगी ने विपक्ष पर बोला हमला, कहा- ऐसे क्षेत्र गंदगी और अपराध के गढ़ बन जाते थे
कुल 865 सीटें निर्धारित
समाज कल्याण विभाग के निदेशक संजीव सिंह ने इस महत्वपूर्ण योजना की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश के विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों में आईएएस और पीसीएस कोचिंग के लिए कुल 865 सीटें निर्धारित की गई हैं। इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि कुल सीटों में से 25 प्रतिशत सीटें ‘लेटरल एंट्री’ के लिए आरक्षित रखी गई हैं। यह सीटें उन अभ्यर्थियों को मिलेंगी जो पहले ही सिविल सेवा की प्रारंभिक (प्री) परीक्षा पास कर चुके हैं और अब मुख्य परीक्षा (मेन्स) तथा इंटरव्यू की तैयारी के लिए विशेषज्ञ मार्गदर्शन चाहते हैं।
READ MORE: ‘भाजपा सरकार की कुनीतियों से जनता त्रस्त…’, अखिलेश ने बोला हमला, कहा- किसान, नौजवान, व्यापारी, कर्मचारी, हर वर्ग परेशान और पीड़ित
5,513 अभ्यर्थियों का रजिस्ट्रेशन
योगी सरकार की इस पारदर्शी योजना को लेकर युवाओं में कितना क्रेज है, इसका अंदाजा आंकड़ों से लगाया जा सकता है। आधिकारिक रिपोर्ट के मुताबिक, केवल 1 जून तक ही 5,513 अभ्यर्थी अपना पंजीकरण करा चुके हैं, जिनमें से 2,848 अभ्यर्थियों ने अपने आवेदन को अंतिम रूप देते हुए फाइनल लॉक भी कर दिया है।

