गोरखपुर। सीएम योगी आदित्यनाथ ने जनपद गोरखपुर में 20.35 करोड़ की लागत से चिलुआताल के पर्यटन विकास से संबंधित विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। इस दौरान सीएम योगी ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछली सरकारों में ताल और पोखरों पर कब्जा होता था, लोग उन्हें अपनी बपौती समझकर कब्जा कर लेते थे और हवेलियां बना लेते थे। जिसके बाद ऐसे क्षेत्र गंदगी और अपराध के गढ़ बन जाते थे।
पर्यटन डेस्टिनेशन के रूप में विकसित कर रहे
सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा कि रामगढ़ताल में प्राकृतिक जल है, लेकिन वहां शहर के पानी को ट्रीट कर छोड़ा जाता है। चिलुआताल में भी प्राकृतिक जल है और इसका शुद्धिकरण किया गया है। पिछली सरकारों में ताल और पोखरों पर कब्जा होता था, लोग उन्हें अपनी बपौती समझकर कब्जा कर लेते थे और हवेलियां बना लेते थे लेकिन डबल इंजन की भाजपा सरकार ताल और पोखरों का संरक्षण कर पर्यटन के डेस्टिनेशन के रूप में विकसित कर रही है।
READ MORE: कुशीनगर में CM योगी का बड़ा ऐलान, बदल दिया ‘फाजिलनगर’ का नाम, कहा- यह स्थल भगवान महावीर के महापरिनिर्वाण से जुड़ा
फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट भी स्थापित की जाएगी
सीएम योगी ने बताया कि चिलुआताल में हम फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट भी स्थापित करेंगे, जो 20 मेगावाट की बिजली देगा। यह ग्रीन एनर्जी का स्रोत होगा। उन्होंने आम जनता को स्वच्छता का संदेश देते हुए कहा कि शहरवासियों की भी जिम्मेदारी है किगंदगी न फैलाएं और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान न पहुंचाएं। यदि कोई नुकसान पहुंचा रहा है तो तुरंत शिकायत करें। उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
सीएम योगी ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि डबल इंजन सरकार में जलाशयों को पर्यटन के उत्कृष्ट केंद्रों के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे पर्यटकों, आम नागरिकों और कलाकारों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। पर्यटन को विस्तार देने के क्रम में आज महायोगी गुरु श्री गोरखनाथ जी की पावन तपोभूमि जनपद गोरखपुर में 20.35 करोड़ की लागत से चिलुआताल के पर्यटन विकास से संबंधित विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। जनपद वासियों को हार्दिक बधाई।

