हम अक्सर यह भूल जाते हैं कि हमारी कही गई कोई छोटी सी बात, किसी के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकती है। यह छोटी लगने वाली बड़ी जादुई बातों का हमारे भीतर अम्बार लगा हुआ है मगर हम इतने कृपण होते हैं कि हमसे वह भी नही दिया जाता । “It only takes a minute to brighten someone’s day” — यह पंक्ति हमें याद दिलाती है कि किसी के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए बहुत बड़ी कोशिश नही शुभकामनाओं से भरी एक सच्ची भावना ही इसके लिए काफी होती है।मन में छुपी हुई अच्छी भावना ही हमारा भगवान होता है।
“राम नाम मनि दीप धरु जीह देहरी द्वार। तुलसी भीतर बाहेरहुँ जो चाहसि उजियार॥”
गोस्वामी तुलसीदास जी का यह दोहा हमें इस ओर से जागृत करता है कि यदि जीवन में उजाला चाहिए तो अपने भीतर विराजमान भगवान को दीपक की तरह बना लो जो भीतर और बाहर दोनों जगह प्रकाश फैलाता है।और यही उजाला किसी और के जीवन तक भी पहुँच सकता है। किसी उदास व्यक्ति से प्रेमपूर्वक बात करना, किसी की मदद के लिए हाथ बढ़ाना, मुस्कुराना और मुस्कुराहट बाँटना आपका यह छोटा प्रयास किसी का पूरा दिन उजालों से भर सकता है। किसी का संबल बनने के लिए यह भी आवश्यक नही है कि हमें इस बात की जानकारी हो कि सम्मुख खड़ा व्यक्ति किन परिस्थितियों से गुजर रहा है फिर भी हमारा सकारात्मक व्यवहार उसके लिए उम्मीद की किरण बन सकता है।
दुनिया में अच्छाई फैलाने के लिए यदि बड़े-बड़े काम न किए जा सकें तो सिर्फ़ एक मिनट निकालकर किसी की तारीफ करना, धन्यवाद कहना या हालचाल पूछ लें यह भी उतना ही एक बड़ा कर्म होता है। निश्चित ही इससे सामने वाले को खुशी मिलती होगी लेकिन सच्चाई यह है कि हमारा यही सकारात्मक रवैया हमारे भीतर भी संतोष और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।
दरअसल हमारे जीवन को जो रौशनी प्रकाशित करती है वो वही रौशनी होती है जो हम दूसरों के जीवन को देते हैं। सभी का, हर दिन, एक संकल्प लेने के लिए उपयुक्त दिन होता है कि हम कम से कम एक व्यक्ति का दिन बेहतर बनाएंगे। स्मरण रहे कि आपकी करुणा से दो जीवन संवरता है एक उसका जिस पर आपने शुभ दृष्टि डाली है और दूसरे आप स्वयं। आज ही तय कर लीजिए कल सुबह किसे और कैसे बाँटेंगे अपने भीतर की प्रसन्नता।

संदीप अखिल
सलाहकार संपादक
न्यूज़ 24 मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़/लल्लूराम डॉट कॉम
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

