राकेश कथूरिया, कैथल। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में विकास कार्य लगातार गति से आगे बढ़ रहे हैं। सरकार जनसेवा, राष्ट्रवाद और किसान सहित समाज के सभी वर्गों के हितों के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है।

कृषि मंत्री शनिवार को कैथल के सूर्यकुंड तीर्थ मंदिर सभागार में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के शुभारंभ अवसर पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई प्रदर्शनी का उद्घाटन फीता काटकर किया।

उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे प्रशिक्षण शिविरों का उद्देश्य कार्यकर्ताओं के माध्यम से सरकार की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना है, ताकि पात्र व्यक्ति इन योजनाओं का लाभ उठा सकें। साथ ही राष्ट्रवाद की भावना को मजबूत कर देश को सशक्त बनाने का भी लक्ष्य है।

श्याम सिंह राणा ने कहा कि सरकार गरीबों, किसानों, मजदूरों और अन्य वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं लागू कर रही है। महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए भी सरकार लगातार प्रयासरत है।

मंत्री ने बताया कि 17 मई को महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर अंबाला के शहजादपुर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें अधिक से अधिक लोगों से भाग लेने की अपील की गई है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने का आह्वान किया है, ताकि वैश्विक परिस्थितियों और युद्धों का असर देश पर कम पड़े। इसी संदेश को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी ईंधन बचत को बढ़ावा दे रहे हैं।

कृषि मंत्री ने आमजन से व्यक्तिगत वाहनों का कम उपयोग कर सार्वजनिक वाहनों में यात्रा करने की अपील की। उन्होंने स्वयं भी सादगी का उदाहरण पेश करते हुए निजी गाड़ी के बजाय एस्कॉर्ट वाहन में कार्यक्रम स्थल तक सफर किया और काफिले में गाड़ियों की संख्या भी सीमित रखी।

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए श्याम सिंह राणा ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है। फसल बोने से पहले न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित किया जाता है और ऑनलाइन माध्यम से सीधे किसानों के खातों में राशि भेजी जाती है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।