कुरुक्षेत्र। दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-44 पर एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है जहां तेज रफ्तार वाहन ने बीजेपी नेता के जीजा को मौत की नींद सुला दिया। हादसा इतना भयावह था कि वाहन का टायर सीधे मृतक के सिर के ऊपर से गुजर गया जिससे घटनास्थल पर ही उनके प्राण पखेरू उड़ गए। मृतक की पहचान सलारपुर रोड निवासी 55 वर्षीय रामेश्वर मेहतो के रूप में हुई है जो पेशे से सब्जी विक्रेता थे और बीजेपी पूर्वांचल प्रकोष्ठ के जिला संयोजक राजीव राय के जीजा थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी रेहड़ी के परखच्चे उड़ गए और सब्जियां सड़क पर बिखर गईं। पुलिस ने मौके से आरोपी वाहन की टूटी हुई नंबर प्लेट बरामद कर ली है जिसके आधार पर हत्यारे चालक की तलाश तेज कर दी गई है।

खुशियों वाले घर में मातम: नवंबर में होनी थी बेटे की शादी

रामेश्वर मेहतो की मौत ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को उम्र भर के गम में तब्दील कर दिया है। बताया जा रहा है कि मृतक ने अभी पिछले महीने ही अपने छोटे बेटे राहुल का रिश्ता पक्का किया था और पूरा परिवार आगामी 17 नवंबर को होने वाली शादी की तैयारियों में दिन-रात जुटा हुआ था।

घर में शहनाइयां बजने वाली थीं लेकिन काल बनकर आई एक तेज रफ्तार गाड़ी ने पिता का साया हमेशा के लिए छीन लिया। मृतक के दो अन्य बेटे निजी कंपनियों में कार्यरत हैं जो अब अपने पिता की अचानक हुई इस दर्दनाक मौत से सदमे में हैं। पुलिस ने रेहड़ी पर लिखे मोबाइल नंबर के जरिए परिजनों से संपर्क किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा है।

नंबर प्लेट छोड़ फरार हुआ आरोपी: पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

सांवला गांव के पास ले-बाय रोड पर हुए इस एक्सीडेंट के बाद आरोपी चालक अपनी गाड़ी लेकर फरार होने में कामयाब रहा लेकिन मौके पर गिरी नंबर प्लेट उसके लिए गले की फांस बन गई है। परिजनों ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और पुलिस को वह टूटी हुई नंबर प्लेट सौंपी जो टक्कर के दौरान वाहन से अलग हो गई थी।

अज्ञात चालक के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज

थाना सदर थानेसर पुलिस ने इस मामले में अज्ञात चालक के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार वाहन और उसके मालिक का सटीक पता लगाया जा सके। राजीव राय और अन्य परिजनों ने प्रशासन से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।