कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। शहर में तेज रफ्तार का कहर एक युवक की जान ले गया। आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर एक मालवाहक वाहन ने बाइक सवार युवक को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। हादसे का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है।
फिल्म निर्माता मधुर भंडारकर पहुंचे उज्जैनः अभिनेता जय भानुशाली और अभिनेत्री आरती सिंह भी थे साथ,
आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे की घटना
दरअसल मामला बहोड़ापुर थाना क्षेत्र का है। मोतीझील निवासी फरजन अली बीते रोज किसी जरूरी काम से बाइक पर निकले थे। जब वे आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर पुराने बहोड़ापुर थाने के सामने पहुंचे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार लोडिंग वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
उपचार के दौरान मौत
हादसे में फरजन अली गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर लोगों की भीड़ जुटते ही आरोपी चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी जयराज कुबेर- ASP ग्वालियर ने दी।

