इमरान खान, खंडवा। जिले के खालवा ब्लॉक अंतर्गत सेंधवाल लोकेशन पर संचालित एक जननी एक्सप्रेस वाहन में मंगलवार तड़के अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली की कुछ ही समय में पूरी जननी एक्सप्रेस एम्बुलेंस जलकर खाक हो गई। इस पूरी घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।

ये भी पढ़ें : साइबर फ्रॉड: गेम खेलते समय आई एक लिंक और उड़ गए 4 लाख रूपए, तीन बैंक खातों को ठगों ने किया साफ

बताया जा रहा है कि जननी एक्सप्रेस चालक रातभर ड्यूटी करने के बाद करीब 4:30 बजे अपने गृह ग्राम मल्हारगढ़ पहुंचा था। चालक ने वाहन को ग्राम पंचायत की बाउंड्रीवाल के पास खड़ा किया और घर भोजन करने चला गया। इसी दौरान वाहन में अचानक आग लग गई, आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी है।

चालक ने बताया कि गांव के एक नागरिक ने उसके घर पहुंचकर वाहन में आग लगने की सूचना दी। सूचना मिलते ही वह तत्काल मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों की सहायता से आग बुझाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे तक लगातार पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की गई लेकिन आग की लपटें इतनी तेज़ थीं कि देखते ही देखते पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।

ये भी पढ़ें : खबर के असर के बाद हरकत में आए अफसर, दी फौरी राहत, ग्रामीणों के अंगूठा लगाते वीडियो ने जांच में उठाए सवाल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के बाद वाहन से ऊंची लपटें उठने लगीं और कुछ ही मिनटों में जननी एक्सप्रेस का अधिकांश हिस्सा जल गया। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन पर्याप्त संसाधन नहीं होने के कारण वाहन को बचाया नहीं जा सका।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m