यमुनानगर। हरियाणा में कांवड़ यात्रा के बीच शनिवार देर रात यमुनानगर-अंबाला सीमा पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सहारनपुर-पंचकूला हाईवे पर थाना छप्पर से आगे संगम ढाबे के पास हरिद्वार कांवड़ लेने जा रहे दो युवकों की स्पोर्ट्स बाइक सामने से आ रहे लकड़ी से लदे ट्रक से टकरा गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

आमने-सामने की टक्कर में बाइक चकनाचूर

जानकारी के अनुसार, दोनों युवक स्पोर्ट्स बाइक पर हरिद्वार की ओर कांवड़ लेने जा रहे थे। जैसे ही वे थाना छप्पर क्षेत्र में संगम ढाबे के नजदीक पहुंचे, उनकी बाइक की सामने से आ रहे लकड़ी से लदे ट्रक के साथ जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया

घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी।

हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू करवाया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m