​Automobile Desk : भारतीय टू-व्हीलर मार्केट में दशकों से राज कर रही बजाज पल्सर एक बार फिर नए अवतार में धूम मचाने के लिए तैयार है। कंपनी 24 अगस्त 2026 को अपनी दो सबसे ज्यादा बिकने वाली मोटरसाइकिलों, Pulsar 125 और Pulsar 150 के न्यू-जनरेशन मॉडल को आधिकारिक तौर पर पेश करने जा रही है। अगर आप भी नई बाइक खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद खास है क्योंकि इस बार बदलाव सिर्फ बाहरी बॉडी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बाइक के अंदरूनी हिस्से में भी भारी फेरबदल किए गए हैं।

​आधिकारिक लॉन्चिंग से पहले ही नई पल्सर की कुछ झलकियां सामने आने लगी हैं। देशभर के कई बजाज शोरूम और डीलरशिप्स पर इन बाइक्स की पहली खेप पहुंचना शुरू हो चुकी है। शुरुआती तस्वीरों को देखकर साफ पता चलता है कि कंपनी ने पल्सर के उस क्लासिक मस्कुलर लुक को तो कायम रखा है, जिसे लोग सालों से पसंद करते आ रहे हैं, लेकिन अब इसे पहले से काफी ज्यादा Sharp, Sporty और Agressive बना दिया गया है। बाइक का अगला हेडलैंप काउल अब बड़ा दिखता है, फ्यूल टैंक को नया कट-एंड-कर्व डिजाइन दिया गया है और पीछे का टेल सेक्शन काफी स्लिम और मॉडर्न नजर आता है।

​तकनीकी मोर्चे पर बात करें तो Bajaj ने इस बार Pulsar के बुनियादी ढांचे को ही बदल डाला है। नई Pulsar 125 और 150 को बिल्कुल नए प्लेटफॉर्म और चेसिस पर तैयार किया गया है। इसका सीधा फायदा राइडर को बेहतर हैंडलिंग और रोड ग्रिप के रूप में मिलेगा। सड़कों के गड्ढों से निपटने के लिए फ्रंट में टेलिस्कोपिक फोर्क और रियर में मोनोशॉक सस्पेंशन सेटअप दिया गया है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आगे डिस्क ब्रेक और पीछे ड्रम ब्रेक का कॉम्बिनेशन मिलेगा, जिसके साथ सिंगल-चैनल एबीएस (ABS) का सपोर्ट दिए जाने की पूरी उम्मीद है।

​इंजन के मामले में भी बजाज बड़ा सरप्राइज देने वाली है। दोनों ही मॉडल्स में बिल्कुल नए जमाने के रिफाइंड इंजन दिए जा रहे हैं। खासकर Pulsar 150 में इस बार ऑयल-कूलिंग टेक्नोलॉजी देखने को मिल सकती है। इस तकनीक की वजह से लंबी दूरी के सफर में भी इंजन जल्दी गर्म नहीं होगा और उसकी परफॉर्मेंस बरकरार रहेगी। हालांकि, नए इंजन की पावर और टॉर्क का सटीक आंकड़ा लॉन्च के दिन ही साफ हो पाएगा।

​फीचर्स के शौकीनों के लिए भी नई pulsar में बहुत कुछ खास होने वाला है। इस बार टॉप-एंड वेरिएंट्स में पूरी तरह से नया कलर TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिल सकता है। इसमें ब्लूटूथ कनेक्टिविटी, टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन और कॉल/एसएमएस अलर्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं मिलने के कयास लगाए जा रहे हैं। इन हाई-टेक फीचर्स के शामिल होने से 125cc और 150cc सेगमेंट में पल्सर अपने प्रतिद्वंद्वियों को कड़ी टक्कर देने वाली है।