देशभर में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का आंदोलन जारी है। इस बीच इस मुद्दे को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है। इसी कड़ी में दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा (Kapil Mishra) ने आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया (Manish Sisodiya) की सोशल मीडिया पोस्ट पर तीखा पलटवार किया है। दरअसल, मनीष सिसोदिया ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान (Dharmendra Pradhaan) के इस्तीफे की मांग की थी। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) पर भी गंभीर आरोप लगाए और पेपर लीक मामलों की सुनवाई के लिए प्रस्तावित फास्ट ट्रैक कोर्ट व्यवस्था पर सवाल उठाए।
सिसोदिया के इन आरोपों के बाद कपिल मिश्रा ने भी सोशल मीडिया के जरिए जवाब देते हुए विपक्ष के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों के हितों की रक्षा और पेपर लीक जैसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही उन्होंने विपक्ष पर इस मुद्दे का राजनीतिक लाभ उठाने का आरोप लगाया।
आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर केंद्र सरकार को निशाने पर लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई। उन्होंने पेपर लीक मामलों की सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाए जाने के फैसले पर भी सवाल उठाए। अपने पोस्ट में सिसोदिया ने आरोप लगाया कि देश में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों में भारी नाराजगी है और बड़ी संख्या में युवा शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केवल फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाकर निचले स्तर के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करना पर्याप्त नहीं है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। सिसोदिया ने अपने पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर भी सवाल उठाए तथा शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि मामले की जांच शीर्ष स्तर तक पहुंचनी चाहिए।
कपिल मिश्रा का सिसोदिया-केजरीवाल पर पलटवार
दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता मनीष सिसोदिया के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर उन्होंने सिसोदिया पर निशाना साधते हुए लिखा, “जेल में जाकर भी इस्तीफा न देने वाले… जरा अपनी 12वीं की मार्कशीट तो दिखाओ।” इसके अलावा, कपिल मिश्रा ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी हमला बोला। अपने एक्स पोस्ट में उन्होंने लिखा, “शायद आप भूल गए कि ‘हारे हुए AAP हैं’। उसी हार के गुस्से में आप पूरी दिल्ली जलाना चाहते हैं। कमाल देखिए, जेल जाकर भी इस्तीफा न देने वाले आज गला फाड़कर इस्तीफा मांग रहे हैं। पंजाब में हार का डर आपकी आंखों में दिखने लगा है।”
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


