Technology Desk : AI की दुनिया में इन दिनों Ox Alpha नाम का एक रहस्यमयी मॉडल चर्चा में है। खास बात यह है कि इसे लेकर अब तक कोई बड़ी कंपनी, रिसर्च लैब या आधिकारिक टीम सामने नहीं आई है। मॉडल को OpenRouter प्लेटफॉर्म पर ‘Stealth Model’ के तौर पर लिस्ट किया गया है। डेवलपर्स ने जब इसे टेस्ट किया तो इसकी स्पीड, कोडिंग क्षमता और रीजनिंग ने कई लोगों को हैरान कर दिया। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही है कि Ox Alpha के पीछे आखिर कौन है?

OpenRouter पर फ्री मिल रहा मॉडल

OpenRouter की जानकारी के मुताबिक, Ox Alpha एक एडवांस रीजनिंग मॉडल है। इसे खास तौर पर कठिन सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग, लंबे कोडिंग प्रोजेक्ट और टेक्स्ट के साथ इमेज से जुड़े जटिल कामों के लिए तैयार किया गया है। ओपन-सोर्स AI कोडिंग एजेंट OpenCode ने X पर बताया कि Ox Alpha को एक हफ्ते तक अनलिमिटेड इस्तेमाल के साथ मुफ्त उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा मॉडल की संभावित प्रोसेसिंग क्षमता को लेकर भी बड़ा दावा किया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसके पीछे मौजूद इंफ्रास्ट्रक्चर रोजाना करीब 100 ट्रिलियन टोकन प्रोसेस करने में सक्षम बताया जा रहा है।

Stripe CEO ने भी किया टेस्ट

Ox Alpha को लेकर चर्चा तब और बढ़ गई, जब Stripe के CEO Patrick Collison ने खुद इस मॉडल को कई कठिन टास्क देकर टेस्ट किया। टेस्ट के बाद उन्होंने X पर इसकी तारीफ करते हुए इसे “बहुत प्रभावशाली” बताया। इसके बाद डेवलपर्स और AI रिसर्चर्स के बीच इस मॉडल को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई। अब लोग मॉडल की क्षमता के साथ-साथ यह पता लगाने में भी जुटे हैं कि इसके पीछे कौन सी कंपनी या रिसर्च टीम है।

क्या चीन की Z.ai लैब से जुड़ा है Ox Alpha?

Ox Alpha को लेकर इंटरनेट पर कई तरह की अटकलें चल रही हैं। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा चीन की AI कंपनी Z.ai की हो रही है। टेक वेबसाइट Wccftech की रिपोर्ट में संभावना जताई गई है कि Ox Alpha का संबंध Z.ai से हो सकता है। Z.ai इससे पहले Pony Alpha नाम से अपने मॉडल की गुप्त टेस्टिंग कर चुकी है। कुछ डेवलपर्स ने Ox Alpha के जवाब देने के तरीके और उसके टोकनाइजर बिहेवियर का विश्लेषण किया। उनका दावा है कि इसमें Pony Alpha से कुछ समानताएं दिखाई देती हैं। हालांकि, अभी तक Z.ai की ओर से Ox Alpha को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Microsoft कनेक्शन की भी चर्चा

Ox Alpha को लेकर एक दूसरी थ्योरी भी सामने आई है। कुछ स्वतंत्र रिसर्चर्स का दावा है कि इसके टोकनाइजर का व्यवहार Microsoft के MAI मॉडल परिवार से मिलता-जुलता हो सकता है। यही वजह है कि AI कम्युनिटी में अब दो अलग-अलग दावे चर्चा में हैं। एक तरफ इसे चीन की AI लैब से जोड़कर देखा जा रहा है, जबकि दूसरी तरफ कुछ लोग इसे Microsoft से जुड़ा गुप्त प्रयोग मान रहे हैं।

AI एक्सपर्ट्स भी नहीं सुलझा पा रहे रहस्य

AI एनालिस्ट Andrew Curran ने भी सोशल मीडिया पर Ox Alpha को लेकर चल रही अटकलों का जिक्र किया। उनके मुताबिक, शुरुआत में कई लोग इसे चीन के GLM मॉडल से जोड़कर देख रहे थे। लेकिन बाद में सामने आए नए डेटा के कारण इस दावे को लेकर भी सवाल खड़े हो गए। फिलहाल Ox Alpha फ्री उपलब्ध एक शक्तिशाली AI मॉडल के तौर पर चर्चा में है, लेकिन इसे बनाने वाली कंपनी या रिसर्च टीम की पहचान अभी साफ नहीं है।