दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में इन दिनों एक अनोखा हाई-वोल्टेज ड्रामा चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया पर अचानक जांबाज पुलिस इंस्पेक्टर पुरुषोत्तम भदौरिया के रहस्यमयी ढंग से लापता होने की खबर और सीसीटीवी फुटेज वायरल होने से सनसनी फैल गई थी। हर कोई इस सच को जानने के लिए बेताब था, लेकिन जब पर्दे से सस्पेंस हटा तो पता चला कि यह कोई वास्तविक घटना नहीं, बल्कि अपकमिंग फिल्म ‘द नर्मदा स्टोरी’ के प्रमोशन का एक बेहद शातिर और रोमांचक तरीका था।
लापता इंस्पेक्टर भदौरिया के किरदार में
दरअसल अपराध, रहस्य और भावनात्मक संघर्ष के इर्द-गिर्द बुनी इस फिल्म की सबसे बड़ी यूएसपी (USP) इसकी स्टारकास्ट है। फिल्म में मुख्य भूमिका कोई आम अभिनेत्री नहीं, बल्कि देश की जांबाज रीयल-लाइफ आईपीएस अधिकारी और भोपाल मुख्यालय की डीआईजी (महिला सुरक्षा) सिमाला प्रसाद निभा रही हैं। उनके साथ फिल्म में रघुवीर यादव, मुकेश तिवारी और नर्मदापुरम के स्थानीय अभिनेता शरद सिंह (लापता इंस्पेक्टर भदौरिया के किरदार में) जैसे मंझे हुए कलाकारों ने अभिनय का जबरदस्त तड़का लगाया है।
MP Weather: मानसून लेट-प्री मानसून की एक्टिविटी हुई कम, अगले 4 दिन इन जिलों में हीट वेव का अलर्ट
250 पुलिसकर्मी और आला अधिकारी थियेटर पहुंचे
नर्मदापुरम के सिनेमाघर में तब ऐतिहासिक नजारा देखने को मिला जब रीयल पुलिस फोर्स, रील पुलिस की कहानी देखने उमड़ पड़ी। खुद कलेक्टर, एसपी और डीआईजी सहित लगभग 250 पुलिसकर्मी और आला अधिकारी एक साथ थियेटर पहुंचे, जिससे शो पूरी तरह ‘हाउसफुल’ रहा। प्रशासनिक अमले की भारी मौजूदगी और फिल्म के जबरदस्त सस्पेंस ने ‘द नर्मदा स्टोरी’ को शहर का सबसे बड़ा ‘टॉक ऑफ द टाउन’ बना दिया है। जिसने भी यह नजारा देखा, उसने यही कहा इसे कहते हैं असली ब्लॉकबस्टर एंट्री।

