सोनू वर्मा ,नूंह। जिले में पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन की सख्ती और लगातार चलाए जा रहे जागरूकता अभियान का असर अब सड़कों पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। पहले जहां बड़ी संख्या में लोग बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चलाते थे, वहीं अब अधिकांश बाइक चालक हेलमेट पहनकर यात्रा करते नजर आ रहे हैं।
पदभार संभालने के बाद एसपी डॉ. अर्पित जैन ने जिले में बढ़ते सड़क हादसों की समीक्षा की थी, जिसमें यह सामने आया कि हेलमेट का उपयोग न करना दुर्घटनाओं में गंभीर चोटों और मौतों का प्रमुख कारण है। इसके बाद पुलिस ने बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया।
जिलेभर में पुलिस टीमों द्वारा नियमित चेकिंग अभियान चलाए गए, नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान किए गए और साथ ही लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों व हेलमेट पहनने के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।

इस अभियान का असर अब नूंह शहर सहित विभिन्न कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में साफ दिख रहा है, जहां युवा, कर्मचारी और आम नागरिक हेलमेट पहनकर बाइक चलाते नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की सख्ती और जागरूकता अभियान दोनों का मिलाजुला असर लोगों की सोच में बदलाव ला रहा है।
लोगों ने उम्मीद जताई है कि यदि यह अभियान इसी तरह जारी रहा तो आने वाले समय में सड़क दुर्घटनाओं में भी उल्लेखनीय कमी आएगी और सड़क सुरक्षा को और मजबूती मिलेगी।

