रेवाड़ी। हरियाणा के रेवाड़ी शहर में दिल्ली रोड पर एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। उत्तर प्रदेश के फैजाबाद निवासी शिव पूजन अपने गांव से वापस अहमदाबाद जाने के लिए निकला था। उसने रेवाड़ी से अपनी ट्रेन का टिकट बुक कराया था। ट्रेन में अभी 2 दिन का समय बाकी था। इसलिए वह रेवाड़ी में अपने दोस्त मोनू के पास रुक गया। मोनू यहां की एक कंपनी में काम करता है।

आधी रात को तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर

रात के समय दोनों दोस्त बालाजी मार्केट से अभय सिंह चौक की तरफ पैदल जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों दोस्त सड़क पर गिरकर दूर जा गिरे। दुर्घटना के बाद कार चालक अपनी गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

राहगीरों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद शिव पूजन को मृत घोषित कर दिया। दूसरे दोस्त की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। मृत युवक अभी अविवाहित था। उसकी अचानक मौत की खबर सुनकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने दर्ज किया केस

घटना की जानकारी मिलने के बाद शहर थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने पीड़ित दोस्त की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस आसपास के कैमरों की मदद से फरार चालक की तलाश में जुटी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m