दिल्ली में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर जारी विवाद के बीच आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज (Saurabh Bhardwaj) ने चुनावी प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वोटों को जोड़ने और नाम हटाने से जुड़ी कथित गड़बड़ियां कोई नई बात नहीं हैं। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि यह कहना सही नहीं होगा कि वोटों से जुड़ी कथित मैनिपुलेशन केवल मौजूदा मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में हो रही है। उन्होंने दावा किया कि इससे पहले CEC राजीव कुमार के कार्यकाल में भी इस तरह के मुद्दे सामने आते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में बड़े स्तर पर अभियान चलाया था। भारद्वाज के मुताबिक, उस दौरान पार्टी ने आरोप लगाया था कि दिल्ली में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। दावा किया कि मतदाता सूची से नाम हटाने और जोड़ने को लेकर ऐसी गतिविधियां केंद्र में बीजेपी की सरकार बनने के बाद से होती आ रही हैं।
‘CEC ज्ञानेश कुमार ने पत्र लिखने की बात से इनकार नहीं किया ‘
SIR को लेकर जारी विवाद के बीच आप नेता सौरभ भारद्वाज ने निर्वाचन आयोग के भीतर मतभेदों का दावा करते हुए CEC ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मौजूदा CEC ने इस बात से इनकार नहीं किया है कि अन्य चुनाव आयुक्तों ने विभिन्न फैसलों को लेकर उन्हें कई बार पत्र लिखे थे। भारद्वाज ने दावा किया कि चुनाव आयुक्तों ने करीब 14 बार पत्र लिखकर कुछ फैसलों को गैर-कानूनी और अनधिकृत बताया था। यह दावा हालिया मीडिया रिपोर्टिंग से भी जुड़ा है, जिसमें चुनाव आयुक्तों द्वारा आयोग के कुछ फैसलों और फॉर्म-6 में किए गए बदलावों पर आपत्ति दर्ज किए जाने की बात सामने आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों को मतदान के दिन यह पता चलता है कि उनका नाम मतदाता सूची में नहीं है, जबकि वे लंबे समय से मतदान करते रहे हैं। भारद्वाज ने दावा किया कि मतदाता सूची से जुड़े काम अब कंप्यूटरीकृत तरीके से केंद्रीकृत होकर किए जा रहे हैं।
ज्ञानेश कुमार पर मामला दर्ज करने की मांग
नई दिल्ली। SIR को लेकर जारी विवाद के बीच आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने मांग की कि ज्ञानेश कुमार को गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ देशद्रोह की धाराओं में मामला दर्ज किया जाए। ऐसी ही गिरफ्तारी और आपराधिक कार्रवाई की मांग अन्य विपक्षी नेताओं ने भी हालिया विवाद के बीच की है।
भारद्वाज ने SIR प्रक्रिया को वापस लेने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में कथित गड़बड़ियों के बीच चुनाव कराए गए, वहां दोबारा चुनाव होने चाहिए। उनके बयान के मुताबिक, इसमें दिल्ली के बाद हरियाणा, महाराष्ट्र, बिहार और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों को शामिल किया जाना चाहिए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


