नई दिल्ली: दक्षिणी दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में कुख्यात कच्छा-बनियान गिरोह ने एक बार फिर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। गिरोह ने एक मकान में घुसकर करीब 1.25 करोड़ रुपये की नकदी, सोने-चांदी और हीरे के आभूषण चोरी कर लिए। जानकारी के अनुसार, यह घटना पिछले 47 दिनों के भीतर इसी तरह की दूसरी बड़ी वारदात है, जिससे इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लगातार हो रही घटनाओं से स्थानीय निवासियों में भय और असुरक्षा का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि आरोपियों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
बदमाशों ने करीब 1.25 करोड़ रुपये की नकदी और सोने-चांदी व हीरे के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। पूरी घटना सोसायटी में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। वसंत कुंज साउथ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने BNS की धारा 305 और 331(4) के तहत केस दर्ज किया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित कारोबारी अमिताभ प्रसाद अपने परिवार के साथ डी-4/2226, वसंत कुंज में रहते हैं। शिकायत में बताया गया कि 16 जून की रात खाना खाने के बाद पूरा परिवार सो गया था। तड़के करीब ढाई बजे कुछ बदमाश घर में घुस आए।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने सबसे पहले उन कमरों को बाहर से बंद कर दिया, जहां परिवार के सदस्य सो रहे थे। इसके बाद उन्होंने पूरे घर की आराम से तलाशी ली और नकदी व कीमती जेवर लेकर फरार हो गए। सुबह जब परिवार की नींद खुली तो सभी कमरे बाहर से बंद मिले और चोरी की जानकारी सामने आई। पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने और पूरे गिरोह का पता लगाने में जुटी है।
47 दिन में दूसरी घटना
सर्वोदय एन्क्लेव में भी इसी तरह की चोरी के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरोह के सरगना समेत 6 बदमाशों को गिरफ्तार किया था। इसके बावजूद वसंत कुंज में लगभग 5 किलोमीटर के दायरे में उसी पैटर्न पर हुई ताजा वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि हालिया घटना और पहले की वारदातों में समानता हो सकती है, जिससे कच्छा-बनियान गिरोह की दोबारा सक्रियता की आशंका मजबूत हुई है। इसी आधार पर जांच टीम पिछले मामलों के लिंक खंगाल रही है।
दिन में रेकी, रात में चोरी
जानकारी के मुताबिक, गिरोह के सदस्य दिन के समय कॉलोनियों में गुब्बारे या खिलौने बेचने के बहाने घूमते हैं और घरों की स्थिति तथा सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी जुटाते हैं। इसके बाद रात में ये लोग पास के पार्कों या सुनसान जगहों पर छिप जाते हैं और तड़के वारदात को अंजाम देते हैं। पुलिस का कहना है कि चोरी के दौरान आरोपी कच्छा-बनियान पहनते हैं और शरीर पर तेल या ग्रीस लगा लेते हैं, ताकि पकड़ में आने पर वे आसानी से फिसलकर भाग सकें। इसके अलावा, वे आवाज से बचने के लिए मोजे पहनते हैं और पहचान छिपाने के लिए दस्तानों का इस्तेमाल करते हैं।
जांच के दौरान सोसायटी और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें 4-5 संदिग्ध गेट से अंदर जाते और पीछे की गली में बेखौफ घूमते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में सभी संदिग्ध केवल कच्छा और बनियान पहने नजर आए, जिसे इस कुख्यात गिरोह की पहचान माना जाता है। पुलिस को आशंका है कि वारदात को अंजाम देने में कच्छा-बनियान गिरोह शामिल हो सकता है। जांच अधिकारियों के अनुसार, आरोपी बेहद सुनियोजित तरीके से सोसायटी में दाखिल हुए और पहले पूरे इलाके की रेकी की गई थी। अब पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने के साथ-साथ उनके आने-जाने के संभावित रास्तों का भी पता लगा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

