सिरसा। हरियाणा के सिरसा शहर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक दुकान पर काम करने वाले युवक पर हुए जानलेवा हमले की असली वजह प्रेम प्रसंग निकली है। दुकानदार रमेश का पड़ोस की रहने वाली एक युवती के साथ पिछले दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के परिवारों ने आपसी सहमति से उनका रिश्ता भी तय कर दिया था और अक्टूबर महीने में उनकी शादी करने की तैयारी चल रही थी।
रमेश पर ताबड़तोड़ वार कर मौके से हुए फरार
इस रिश्ते से युवती का भाई प्रिंस बिल्कुल खुश नहीं था। घायल रमेश की मां बॉबी कौर ने बताया कि प्रिंस इस रिश्ते के खिलाफ था और लगातार रमेश को रिश्ता तोड़ने की धमकी दे रहा था। जब बात शादी तक पहुंच गई, तो गुस्से में आकर प्रिंस ने अपने सात-आठ साथियों के साथ मिलकर रमेश की दुकान में हमला बोल दिया। आरोपियों ने लाठी, डंडों और धारदार हथियारों से रमेश पर ताबड़तोड़ वार किए और मौके से फरार हो गए।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में तेजी से जुट गई है। सिटी थाना पुलिस के कार्यकारी इंचार्ज एसआई रामनिवास ने बताया कि घायल रमेश की मां के बياनों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल रमेश का अस्पताल में इलाज चल रहा है और अभी उसे पूरी तरह होश नहीं आया है। होश आने पर पुलिस उसके भी बयान दर्ज करेगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


