पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले के सेक्टर चालीस इलाके से एक बेहद हैरान और शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां किराए के मकान में रहने वाला एक शादीशुदा व्यक्ति अपनी ही सगी नाबालिग साली को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया। पीड़ित लड़की मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले की रहने वाली है, जो पानीपत में अपनी बड़ी बहन और जीजा के पास रह रही थी। दोनों के अचानक गायब होने के बाद जब पीड़ित बड़ी बहन ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई, तब जाकर जीजा और साली के बीच चल रहे इस अवैध रिश्ते का सनसनीखेज खुलासा हुआ। सेक्टर तेरह-सत्रह थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
माता-पिता की मौत के बाद बड़ी बहन ने बेटी की तरह पाला
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित महिला ने रोते हुए अपना दर्द बयां किया। उसने बताया कि उनके माता-पिता की मौत के बाद उसने और उसके पति पवन ने मिलकर अपनी इस छोटी बहन को सगी बेटी की तरह पाला-पोसा था। आज उसकी उम्र सत्रह साल हो चुकी है। बड़ी बहन इस बात से पूरी तरह अनजान थी कि जिस पति को वह अपना हमसफर मानती थी और जिस बहन को अपनी औलाद की तरह प्यार दिया, उन दोनों के बीच उसी के घर के अंदर ऐसा गलत रिश्ता पनप रहा था। आरोपी जीजा खुद ढाई साल की एक मासूम बेटी का पिता भी है।
साली को गांव भेजने की बात पर खुदकुशी की धमकी देता था पति
महिला ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से घर में अजीब माहौल बना हुआ था। जब भी वह अपनी छोटी बहन को वापस उत्तर प्रदेश के अपने गांव भेजने की बात करती, तो उसका पति पवन बुरी तरह भड़क जाता था। वह घर में झगड़ा करने लगता और धमकी देता था कि अगर यह लड़की गांव गई तो वह खुदकुशी कर लेगा या घर छोड़कर हमेशा के लिए चला जाएगा। उस वक्त पत्नी को अपने पति का यह अजीब बर्ताव और साली को हमेशा अपने पास रखने की जिद बेहद खटक रही थी, लेकिन वह इस गहरे राज को समझ नहीं पाई।
चार रातों से जागकर पहरा दे रही थी पत्नी, पांचवीं रात आंख लगते ही हुआ कांड
पति के बदले हुए स्वभाव और खुदकुशी की धमकियों से डरी पत्नी पिछले चार दिनों से रात-रात भर जागकर अपने पति पर नजर रख रही थी। वह डर रही थी कि कहीं उसका पति गुस्से में आकर कोई गलत कदम न उठा ले। लेकिन सोलह जून की रात को लगातार जागने और थकान के कारण पत्नी की आंख लग गई। इसी बात का फायदा उठाकर आरोपी पति रात के अंधेरे में अपनी सत्रह साल की नाबालिग साली को साथ लेकर घर से फरार हो गया। सुबह जब दोनों घर में नहीं मिले, तब जाकर बड़ी बहन के सामने इस धोखेबाजी की पूरी कहानी साफ हुई। स्थानीय पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

