परवेज खान, शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के बदरवास नगर से चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। यहां एक सीएम राइज स्कूल (CM Rise School) के प्राचार्य के घर को निशाना बनाकर अज्ञात शातिर चोरों ने करीब 1 करोड़ रुपये से अधिक के सोने-चांदी के जेवरात और 10 लाख रुपये की नगदी पार कर दी। चौंकाने वाली बात यह है कि जब चोर इस बड़ी वारदात को अंजाम दे रहे थे, तब पीड़ित पति-पत्नी पास के ही दूसरे कमरे में सो रहे थे।
ये भी पढ़ें : Twisha Sharma Death Case: 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया पति समर्थ सिंह, कोर्ट ने पासपोर्ट जब्त करने के दिए निर्देश
लोहे की सीढ़ी लगाकर दूसरी मंजिल से घुसे चोर
यह पूरी घटना बदरवास नगर के वार्ड क्रमांक 6 की है, जहां सीएम राइज स्कूल के प्रिंसिपल महेंद्र गुप्ता अपने परिवार के साथ रहते हैं। पीड़ित महेंद्र कुमार गुप्ता ने पुलिस को बताया कि 22 मई की रात करीब 10 बजे परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरों में सो गए थे। घर में उनकी पत्नी गिरजा गुप्ता, पुत्र हर्षित गुप्ता और बहू पूनम गुप्ता मौजूद थे।
चोरों ने बेहद शातिराना अंदाज में लोहे की सीढ़ी का इस्तेमाल किया और घर की दूसरी मंजिल पर पहुंच गए। वहां उन्होंने किचन की खिड़की की लोहे की ग्रिल को बाहर निकाला, मच्छर जाली को उखाड़ फेंका और घर के भीतर प्रवेश कर गए।
सुबह अलमारी खुली देख उड़े होश
घटना का खुलासा सुबह करीब 5 बजे हुआ जब प्रिंसिपल महेंद्र गुप्ता सोकर उठे। उन्होंने देखा कि सामने के दोनों कमरे अंदर से बंद थे। संदेह होने पर जब उन्होंने बालकनी से झांककर देखा तो किचन की खिड़की की ग्रिल निकली हुई दिखाई दी। इसके बाद जब परिवार के लोग कमरों के अंदर पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कमरों का सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली हुई थी।
लाखों का कैश और आधा किलो सोना ले उड़े चोर
चोर अलमारी में रखे सोने-चांदी के पुराने जेवर और नगदी लेकर फरार हो चुके थे। पीड़ित परिवार के अनुसार आलमारी में रखा करीब 10 लाख रूपए, 500 ग्राम सोना और 4 किलोग्राम चांदी के जेवर चोरी हुआ है।
ये भी पढ़ें : घर में लगी भीषण आग ने उजाड़ दिया परिवार: 3 मासूमों की जलकर मौत, दरवाजा बंद कर राशन लेने गई थी मां
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद फरियादी महेंद्र कुमार गुप्ता ने अपने पुत्र हर्षित गुप्ता के साथ बदरवास थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मौके पर फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके।

