अमित पांडेय, सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। जहां एक घर में अचानक लगी भीषण आग में झुलसने से तीन मासूम बच्चों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरा घर जलकर खाक हो गया। घटना के बाद से इलाके में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ये भी पढ़ें : 15 लाख की डिमांड… जान से मारने की धमकी: फिल्म देखकर बनाया फिरौती का प्लान, पूरा मामला जान हो जाएंगे हैरान

राशन लेने गई थी मां, तभी हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार यह पूरी घटना जमोड़ी थाना क्षेत्र के कसिहवा गांव की है। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त बच्चों की मां उन्हें घर पर अकेला छोड़कर कोटा से राशन लेने गई हुई थी। इसी दौरान अचानक घर में आग भड़क उठी और मासूमों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका।

बिजली के तार से फैली आग

ग्रामीणों से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक घर के पास से गुजर रहे बिजली के तार में शॉर्ट सर्किट हुआ। जिससे पहले पास में रखे बांसों ने आग पकड़ी और देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।

पुलिस और ग्रामीणों ने पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही जमोड़ी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मुस्तैदी और भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक मासूमों की जान जा चुकी थी।

ये भी पढ़ें : हाईवोल्टेज ड्रामा: BJYM जिला अध्यक्ष और हिस्ट्रीशीटर के बीच जमकर चले लात-घूंसे, मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

मौके पर सिटी कोतवाली पुलिस सहित जमोड़ी थाना प्रभारी मौजूद हैं। पुलिस ने तीनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि आग लगने के सटीक कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m