अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जिले के दरिहट थाना क्षेत्र के बेरकप गांव स्थित करीब 300 वर्ष पुराने ऐतिहासिक ठाकुरवाड़ी मंदिर में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर भगवान राम, माता सीता, भगवान कृष्ण तथा ठाकुर जी की अष्टधातु से बनी मूर्तियों की चोरी कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
मंदिर के मुख्य द्वार का टूटा था ताला
बताया जा रहा है कि मंदिर के पुजारी सुरेश सिंह रोज की तरह आज रविवार (21, जून) की सुबह लगभग 5 बजे पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि मंदिर के मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ है। जब वे अंदर गए तो भगवान राम, माता सीता, भगवान कृष्ण और ठाकुर जी की मूर्तियां अपने स्थान से गायब थीं। हालांकि मंदिर में स्थापित राधा जी और लक्ष्मण जी की मूर्तियां सुरक्षित मिलीं।
जांच के लिए पहुंची डॉग स्क्वायड
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में जुट गए। सूचना पर दरिहट थानाध्यक्ष रवि रंजन प्रियदर्शी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड, एफएसएल तथा डीआईयू की टीमों को भी जांच के लिए बुलाया गया।
मूर्तियों के वस्त्र, सीता माता की मूर्ति बरामद
पुलिस जांच के दौरान बेरकप से बांक गांव जाने वाली सड़क के किनारे खेतों से मूर्तियों के वस्त्र तथा माता सीता की एक मूर्ति बरामद की गई है। पुलिस का कहना है कि अन्य चोरी गई मूर्तियों की तलाश और चोरों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
फिलहाल इस घटना ने न केवल श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत किया है बल्कि क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का दावा है कि मामले का जल्द ही खुलासा कर लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें- पीड़ित परिवार से मिलने भरत तिवारी के घर जाएंगे पवन सिंह, मुख्यमंत्री सम्राट से की यह बड़ी मांग

