चंकी बाजपेयी, इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के लसूडिया थाना क्षेत्र में दोस्ती को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। जिस दोस्त ने रहने के लिए छत और खाने के लिए भोजन दिया, साथी ने उसी के घर की अलमारी से 1 करोड़ रुपये से अधिक के सोने के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को भोपाल से गिरफ्तार कर लिया है और चोरी किया गया पूरा मशरूका बरामद कर लिया है।
चुनाव खर्च के लिए रची थी साजिश
पुलिस के अनुसार, बीसीएम पार्क निपानिया निवासी रेनू शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 10 से 13 अगस्त के बीच उनकी अलमारी से 630 ग्राम सोने का बिस्किट जिसकी कीमत लगभग 1 करोड़ है, 40 ग्राम सोने की चेन,2 लाख नकद और एक मोबाइल फोन चोरी हो गया है।
मामले की जांच और पूछताछ में पुलिस को पीड़िता के साथ रह रहे जोधपुर (राजस्थान) निवासी गोपाल उर्फ गोपी पर शक हुआ। घटना के बाद से ही गोपाल अपना मोबाइल बंद कर फरार चल रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी गोपाल को भोपाल से हिरासत में लिया।
सरपंच बनने से पहले पहुंचा जेल
डीसीपी अमन राठौड़ ने बताया कि आरोपी गोपाल से कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने खुलासा किया कि राजस्थान में उसके गांव में जल्द ही सरपंची के चुनाव होने वाले हैं। वह सरपंच का चुनाव लड़ना चाहता था और चुनाव में होने वाले भारी खर्च के लिए ही उसने इस बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया करीब 1.10 करोड़ कीमत का माल बरामद कर लिया है। सरपंच बनकर गांव पर राज करने का सपना देखने वाला आरोपी अब सलाखों के पीछे पहुंच गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

