विनोद सैनी ,हिसार। हिसार पुलिस ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मुकलान में हुई चोरी की वारदात का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से स्कूल से चोरी की गई करीब तीन लाख रुपये मूल्य की एलईडी भी बरामद कर ली है।

थाना आजाद नगर प्रभारी दलबीर सिंह ने बताया कि विद्यालय के प्राचार्य नरेंद्र कुमार ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि स्कूल परिसर से अज्ञात व्यक्ति एलईडी चोरी कर ले गया है। शिकायत मिलने के बाद थाना आजाद नगर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान मुख्य सिपाही संदीप ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। जांच में सामने आए सुरागों के आधार पर पुलिस ने मुकलान निवासी मनदीप पुत्र राजेंद्र की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद चोरी की गई एलईडी भी बरामद कर ली गई।

पुलिस अब आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। रिमांड के दौरान उससे चोरी की अन्य वारदातों और संभावित साथियों के बारे में पूछताछ की जाएगी।

शिक्षा संस्थानों को निशाना बनाने वालों पर सख्ती

हिसार पुलिस अधीक्षक ने कहा कि स्कूल, कॉलेज, धार्मिक स्थल और सार्वजनिक संपत्तियों को निशाना बनाने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। ऐसी घटनाओं में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक, सीसीटीवी कैमरों और पुलिस की सतर्कता के चलते अपराधियों की पहचान कर उन्हें कानून के शिकंजे तक पहुंचाना अब आसान हो गया है। जो लोग यह सोचते हैं कि अपराध कर बच निकलेंगे, वे गलतफहमी में हैं।

पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और समाज को सुरक्षित बनाया जा सके।