संजय कुमार ,जींद। केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि देश में बिजली की कोई कमी नहीं है और केंद्र सरकार हर बढ़ती मांग को पूरा करने में सक्षम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कहीं बिजली की समस्या आती है तो वह राज्यों के स्तर पर हो सकती है, क्योंकि बिजली की खरीद और वितरण की जिम्मेदारी राज्य सरकारों की होती है।

केंद्रीय मंत्री सोमवार को जींद के गांव बीबीपुर में सुनील जागलान के आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि इस वर्ष गर्मी के दौरान बिजली की अधिकतम मांग 271 गीगावॉट तक पहुंची, जिसे सफलतापूर्वक पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में 283 गीगावॉट तक की मांग को भी पूरा करने की क्षमता देश के पास है।

उन्होंने कहा कि उत्तर भारत में अभी गर्मी का असर अधिक है, जबकि दक्षिण भारत में मानसून के आगमन के कारण तापमान कम हुआ है, जिससे बिजली की मांग घटने की संभावना है। इससे आने वाले दिनों में बिजली आपूर्ति को लेकर किसी तरह की समस्या नहीं होगी।

केंद्रीय मंत्री ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा देश में ईंधन बचाने और विदेशी मुद्रा भंडार को सुरक्षित रखने की अपील महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इसी कारण तेल और सोने की अनावश्यक खपत कम करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि देश की आर्थिक स्थिति मजबूत बनी रहे।

उन्होंने सुनील जागलान की सामाजिक पहलों की भी सराहना की और कहा कि उनके बेटियों को लेकर चलाए जा रहे अभियानों को प्रधानमंत्री भी “मन की बात” कार्यक्रम में प्रशंसा दे चुके हैं।