महाराष्ट्र की राजनीति इस समय चर्चाओं के बाजार से गरम है. NCP (शरद पवार) के कांग्रेस में विलय की अफवाहों के बीच केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने शरद पवार को बड़ा ऑफर दिया है. विलय की चर्चाओं के बीच केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने शनिवार को कहा कि शरद पवार की पार्टी को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के साथ जाना चाहिए.
NDA में शामिल होने की बात पर रामदास आठवले ने यहां तक कह दिया कि अगर पवार को BJP से कोई दिक्कत है तो वे उनकी पार्टी RPI के दरवाजे उनके लिए हमेशा खुले हैं.
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) का कांग्रेस में विलय होने की अफवाहें लगातार जोर पकड़ रही हैं. रामदास आठवले ने नेता शरद पवार को सलाह दी है कि वे कांग्रेस के साथ जाने की गलती कभी न करें, बल्कि उन्हें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानी एनडीए के पाले में आ जाना चाहिए.
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अब कांग्रेस में कोई दम नहीं बचा. कांग्रेस पहले जितनी मजबूत नहीं रही, इसलिए पवार के लिए NDA एक बेहतर विकल्प हो सकता है.
इससे पहले इसी सप्ताह शिवसेना नेता संजय राउत ने सुझाव दिया था कि कांग्रेस से निकली पार्टियों को भाजपा के खिलाफ एक मजबूत विपक्ष बनाने के लिए उसमें वापस मिल जाना चाहिए. BJP के खिलाफ मजबूत विपक्ष तैयार करने का यही एक तरीका है.
इन सब मुद्दों के उपज होने की वजह है उद्धव ठाकरे गुट के बड़े नेता संजय राउत ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि जो भी क्षेत्रीय पार्टियां अतीत में कांग्रेस से टूटकर अलग हुई हैं, उन्हें अब देश के मौजूदा हालात को देखते हुए वापस कांग्रेस के साथ आ जाना चाहिए.
शरद पवार या उनकी पार्टी की ओर से कांग्रेस में विलय को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है. पार्टी के किसी भी बड़े पदाधिकारी के आधिकारिक प्रतिक्रिया पर सबकी नजरें अभी टिकी हुई है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

