अजयारविंद नामदेव, शहडोल। मौसम में बदलाव और बढ़ती गर्मी के साथ जहां लोग राहत के लिए कूलर और एसी का सहारा ले रहे हैं, वहीं यही कूलर अब चोरी की वारदातों का आसान निशाना बनते जा रहे हैं। ताजा मामला धनपुरी थाना क्षेत्र का है, जहां सुबह-सुबह एक शातिर चोर कुर्ता-पायजामा पहनकर घर के बाहर लगा कुलर कंधे पर रखकर चंपत हो गया ,पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है। लेकिन इस घटना ने साफ कर दिया है कि अब चोरों की नजर घर के बाहर रखे छोटे-बड़े हर सामान पर है। ऐसे में जरूरी है कि लोग सतर्क रहें, वरना अगला नंबर किसी और का भी हो सकता है।
READ MORE: गोलियों की गूंज से दहला इलाका: उद्योगपति के घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग, बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों ने ली जिम्मेदारी
शहडोल जिले के धनपुरी थाना क्षेत्र के बाजार मोहल्ला, वार्ड क्रमांक 20 स्थित राधा कृष्ण मंदिर के सामने रहने वाले भाजपा नेता मोहन सोनी के घर के बाहर लगा कुलर एक अज्ञात चोर ने सुबह करीब 5 बजे चोरी कर लिया। खास बात यह है कि चोर कुर्ता-पायजामा पहने हुए था और बेहद बेखौफ अंदाज में कूलर को कंधे पर रखकर मौके से फरार हो गया। पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
READ MORE: लिव-इन पार्टनर ने की थी हत्या: दूसरी युवती से सगाई के बाद प्रेमी ने रची खौफनाक साजिश, पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा
फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि चोर बिना किसी डर के आता है, कूलर उठाता है और आराम से चलता बनता है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग अपने घरों के बाहर रखे सामान को लेकर सतर्क हो गए हैं। पीड़ित मोहन सोनी ने धनपुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में धनपुरी थाना प्रभारी खेम सिंह पेंद्रो ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

