प्रदीप मालवीय, उज्जैन। उज्जैन के नानाखेड़ा थाना क्षेत्र की पॉश मोती बाग कॉलोनी में चोरों ने दुस्साहस की हदें पार करते हुए एक ही रात में तीन मकानों को अपना निशाना बनाया और लाखों रूपए का माल समेटकर रफूचक्कर हो गए । इस बड़ी वारदात का शिकार हुईं सबिता आनंद ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि उनके पति दुबई में रहते हैं और वह अपने परिवार के साथ एक कार्यक्रम में इन दिनों दुबई में ही मौजूद हैं । पीछे से चोरों ने उनके घर के ताले तोड़कर करीब तीस से पैंतीस हजार रुपये नकद और लगभग पैंतालीस लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया । सबिता ठाकुर का कहना है कि घर लौटने के बाद ही चोरी गए सामान के कुल आंकड़े की पूरी जानकारी सामने आ पाएगी।

READ MORE: मेगा प्रोजेक्ट की पुलिया बनी बैरिहा की मुसीबत: जलभराव से ग्रामीण बेहाल, जान जोखिम में डालकर तलाब में तब्दील हुई सड़क को पार कर रहे ग्रामीण

​एक ही रात में मोती बाग कॉलोनी के तीन मकानों को निशाना बनाए जाने की इस घटना ने पुलिस की नाइट गश्त और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है । वारदात के वक्त तीनों ही मकानों के परिवार बाहर थे, जिसका फायदा उठाकर शातिर चोरों ने घरों के ताले तोड़े । सुबह जब एक मकान मालिक घर लौटा तो मुख्य गेट खुला मिला और अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई । घटना की जानकारी मिलते ही नानाखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें चार संदिग्ध लोग संदिग्ध अवस्था में घूमते नजर आ रहे है।

READ MORE: थाने की फर्जी सील लगाकर 500 में बांट रहा था ‘कैरेक्टर सर्टिफिकेट’: संचालक गिरफ्तार, लैपटॉप से मिले फर्जी प्रमाण पत्र!

पुलिस अब इन्हीं तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी हुई है । शहर में लगातार हो रही इस तरह की चोरियों से रहवासियों में भारी रोष व्याप्त है और लोग पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने की मांग कर रहे हैं । पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है और जल्द ही इस पूरी वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा ।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m