महम। जिले के महम क्षेत्र में चोरों ने बिजली निगम की 11 केवी लाइन को निशाना बनाते हुए हजारों मीटर बिजली तार चोरी कर लिया। इस बड़ी चोरी से बिजली निगम को करीब 3 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि थाना लाखनमाजरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बिजली निगम के उपमंडल अधिकारी संजीत कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 24 मई की रात सब स्टेशन से सूचना मिली थी कि 11 केवी बैंसी एपी लाइन में ब्रेकडाउन हो गया है। सूचना मिलते ही लाइन स्टाफ मौके पर पहुंचा और लाइन की जांच शुरू की गई।

चोरी हुए तार की कीमत लगभग 3 लाख 2 हजार 475 रुपये
जांच के दौरान सामने आया कि बैंसी से खरैंटी रोड की ओर जाने वाली लाइन से करीब 3700 मीटर एससीआर कंडक्टर 50 एमएम2 तार चोरी कर लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार चोरी हुए तार की कीमत लगभग 3 लाख 2 हजार 475 रुपये आंकी गई है।

घटना की सूचना तुरंत डायल-112 के जरिए पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।


आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग
बिजली निगम ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने, चोरी हुआ सामान बरामद करने और निगम को हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है।

शिकायत के आधार पर थाना लाखनमाजरा पुलिस ने बिजली अधिनियम की धारा 136 के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जांच कर रही है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।