सोनीपत की ककरोई रोड पर देर रात बदमाशों ने चार दुकानों में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरी की यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
सोनीपत। शहर में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं और ताजा मामला ककरोई रोड का है, जहां देर रात चोरों ने एक के बाद एक चार दुकानों को निशाना बनाकर पुलिस सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरानी की बात यह रही कि बदमाशों को न तो पुलिस गश्त का डर था और न ही दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों का कोई खौफ था। पूरी वारदात कैमरों में कैद होने के बावजूद चोर बड़ी आसानी से नकदी समेटकर मौके से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार रात करीब दो बजे बदमाश ककरोई रोड स्थित अग्रवाल डेरी, किसान क्रीम डेरी, स्पाइसी टाउन और महादेव फास्ट फूड कॉर्नर पहुंचे और शटर तोड़कर अंदर घुस गए।
व्यापारियों में बढ़ा भारी रोष
सुबह जब सभी दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो टूटे हुए शटर और अंदर बिखरा हुआ सामान देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद पीड़ित व्यापारियों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। दुकानदारों का कहना है कि शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने सभी व्यापारियों की चिंता बहुत बढ़ा दी है। उनका कहना है कि मेहनत से कमाई गई पूंजी इस तरह चंद मिनटों में लुट जाती है तो बाजार में कारोबार चलाना बेहद मुश्किल हो जाता है।
रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग
व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन पर ढिलाई का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि रात के समय पुलिस गश्त प्रभावी होती, तो शायद बदमाश इतनी आसानी से इस वारदात को अंजाम नहीं दे पाते। उन्होंने मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। इसके साथ ही चोरी से हुए भारी नुकसान की भरपाई कराने और शहर में रात्रि गश्त बढ़ाने की भी मांग की गई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

