बरनाला। पंजाब कांग्रेस की अंदरूनी कलह अब खुल कर बाहर आने लगी है। अब चन्नी के समर्थक खुल कर उनके समर्थन और वडिंग के विरोध में खड़े नजर आ रहे हैं। बीते दिन पटियाला में हुई मीटिंग में हुए हंगामे के बाद आज रविवार को बरनाला में भी कांग्रेस की बैठक खूब हंगामे से भरी रही।

बैठक में चन्नी के लोगो ने जोरदार नारेबाजी की जिसे मंच पर बैठे भूपेश बघेल और वडिंग देखते रहे। खबर है कि बैठक के दौरान होती अंतर्कलह साफ नजर आई। यहां भी जब राजा वड़िंग बोल रहे थे तो चन्नी समर्थकों द्वारा ”चन्नी लाओ-पंजाब बचाओ, चन्नी लाओ, कांग्रेस बचाओ!” और “चन्नी, तेरी सोच ते पहरा दियांगे ठोक के” के नारे लगाए गए।

बता दें कि बरनाला में जनसंपर्क अभियान के तहत पंजाब कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल और पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजा वड़िंग आज पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने आए थे। इस मीटिंग के दौरान वहां चरणजीत सिंह चन्नी मौजूद नहीं थे पर उनके मिलने यहां पहुंचे थे जिनके द्वारा चन्नी के हक में नारेबाजी की गई। विरोध देखते हुए राजा वड़िंग द्वारा वहां मौजूद पार्टी वर्करों से शांति और अनुशासन की अपील की गई।

ऐसा पहली बार नहीं हुआ है कि जब चन्नी के समर्थकों द्वारा राजा का विरोध किया गया हो इसके पहले भी ऐसा हो चुका है। अब सवाल यह है कि एक ओर पंजाब कांग्रेस चुनाव की तैयारी में आगे बढ़ना चाह रही है वही दूरी और पार्टी दो गुटों में बंट चुकी है। ऐसे में चुनाव पर इस गुटबाजी का असर दिखाई देने की उम्मीद है।