अनिल शर्मा, अम्बाला। शिक्षा के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने और विद्यार्थियों के सीखने के स्तर का आकलन करने के उद्देश्य से जिले में 6 मई से 8 मई तक फाउंडेशनल लर्निंग स्टडी (FLS) के अंतर्गत कक्षा तीसरी के विद्यार्थियों की मूल्यांकन परीक्षा आयोजित की जाएगी।

इस आंकलन में केंद्रीय विद्यालय, निजी तथा सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी हिस्सा लेंगे।जिले के कुल 12 विद्यालयों का चयन इस अध्ययन के लिए किया गया है, जिनमें 5 अंग्रेजी माध्यम और 7 हिंदी माध्यम के विद्यालय शामिल हैं। चयनित संस्थानों में 2 केंद्रीय विद्यालय (KVS), 4 निजी विद्यालय और 6 सरकारी विद्यालय सम्मिलित हैं। परीक्षा का मुख्य फोकस कक्षा तीसरी के विद्यार्थियों की हिंदी, गणित और अंग्रेजी विषयों में बुनियादी दक्षताओं की जांच पर रहेगा।

यह पूरी प्रक्रिया जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) मोहड़ा, अंबाला के मार्गदर्शन में संपन्न कराई जाएगी। डाइट प्रिंसिपल ज्योति के नेतृत्व में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

जिला समन्वयक दिलबाग सिंह और एफएलएन कोऑर्डिनेटर विजेंद्र सिंह द्वारा पूरे आंकलन कार्य की सूक्ष्म निगरानी की जा रही है।

आंकलन के दौरान नियुक्त फील्ड इन्वेस्टिगेटर विद्यालयों में पहुंचकर टैबलेट के माध्यम से परीक्षण करवाएंगे। प्रक्रिया की शुरुआत विद्यार्थियों से सामान्य प्रश्नावली के आधार पर बुनियादी स्तर के प्रश्न पूछकर की जाएगी, जिसके बाद हिंदी और गणित विषय का दक्षता आधारित मूल्यांकन किया जाएगा। वहीं अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों में गणित और अंग्रेजी विषयों का आंकलन किया जाएगा।

आंकलन प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि विद्यार्थियों के वास्तविक अधिगम स्तर का सही आकलन किया जा सके।