महेंद्रगढ़। हरियाणा के महेंद्रगढ़ में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां के एक गेस्ट हाउस में ठहरी 23 साल की युवती की संदिग्ध हालातों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई। कमरे के भीतर युवती का शव बरामद हुआ है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवती ने कोई जहरीला पदार्थ खाया है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

नहाने का बहाना बनाकर लिया था कमरा

गेस्ट हाउस के मैनेजर के मुताबिक माधोगढ़ इलाके की रहने वाली वर्षा नाम की युवती सोमवार शाम करीब 5 बजे एक ऑटो से गेस्ट हाउस पहुंची थी। उसने मैनेजर से कुछ घंटों के लिए कमरा मांगा था। युवती ने बताया था कि उसे नहाकर किसी कार्यक्रम में जाना है। इसके बाद उसने अपनी पहचान आईडी जमा करवाई और उसे कमरा नंबर 210 दे दिया गया।

रात को तलाशते हुए पहुंचे घरवाले

मामले में मोड़ तब आया जब रात करीब सवा 9 बजे युवती के घरवाले उसे ढूंढते हुए गेस्ट हाउस पहुंच गए। परिजनों ने मैनेजर से वर्षा के बारे में पूछताछ की। इसके बाद गेस्ट हाउस स्टाफ और परिजन मिलकर दूसरी मंजिल पर स्थित कमरे तक पहुंचे। वहां पहुंचकर जब उन्होंने दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई आवाज नहीं आई।

पुलिस ने ताला तोड़ा, कमरे से आ रही थी बदबू

कमरे के अंदर से कोई जवाब न मिलने पर गेस्ट हाउस संचालक ने तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर डायल 112 पर फोन किया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों के सामने कमरे का लॉक यानी ताला तोड़ा और अंदर घुसी। अंदर का नजारा देखकर सबके होश उड़ गए। युवती बेड पर बेसुध पड़ी थी। गेस्ट हाउस संचालक ने बताया कि कमरे के बाहर तक एक अजीब सी गंध आ रही थी और दरवाजा खुलने के बाद वह बदबू और बढ़ गई। मौके की जांच के दौरान कमरे में जहरीला पदार्थ होने के सबूत मिले हैं।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

पुलिस ने तुरंत कागजी कार्रवाई पूरी की और परिजनों को युवती को अस्पताल ले जाने के लिए कहा। घरवाले अपनी निजी गाड़ी से उसे लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचे। लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि युवती ने ऐसा आत्मघाती कदम क्यों उठाया। पुलिस को अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।