महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में शिवसेना (यूबीटी) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के नेतृत्व में तिरंगा विजय रैली का आयोजन किया गया। छत्रपति शिवाजी महाराज पार्क में आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में युवा और जेनरेशन जेड के लोग शामिल हुए। रैली के दौरान उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे एक ही मंच पर नजर आए, जिससे कार्यक्रम ने खास राजनीतिक और सामाजिक ध्यान खींचा।
उद्धव ठाकरे ने बीजेपी और केंद्र सरकार पर साधा निशाना
सभा को संबोधित करते हुए उद्धव ठाकरे ने बीजेपी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “एक कॉकरोच जिसने सरकार को सबक सिखाया, यह असली विष्णु का अवतार है। यह अंधभक्तों के खिलाफ देशभक्तों की जीत है।” रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के कथित बयान ‘एनडीए में इस्तीफे नहीं होते हैं’ पर तंज कसते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा, “रक्षा मंत्री ने क्या कहा है? धर्मेंद्र प्रधान की रक्षा तो कर ही नहीं पाए।”
राज ठाकरे ने पुलिस व्यवस्था का किया जिक्र
रैली के दौरान राज ठाकरे ने कोई बड़ा राजनीतिक भाषण नहीं दिया। उन्होंने मुंबई पुलिस और दिल्ली पुलिस के कामकाज में अंतर का जिक्र किया। हालांकि, उन्होंने सरकार या बीजेपी पर कोई सीधा राजनीतिक हमला नहीं किया। इस दौरान उद्धव ठाकरे ही सरकार और बीजेपी को घेरते नजर आए।
शिवाजी पार्क में कड़ी सुरक्षा, कई रास्ते बंद
बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की आशंका को देखते हुए शिवाजी पार्क और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। बड़ी संख्या में पुलिस और अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात रहे। कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित की गई, जबकि सिविल ड्रेस में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। पुलिस ने निगरानी के लिए मॉनिटरिंग वैन भी लगाई थीं। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह करीब 10 बजे हुई। पहले इसे तिरंगा रैली के तौर पर आयोजित किया जाना था, लेकिन बाद में इसका स्वरूप विजय सभा में बदल दिया गया।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर रोहित पवार का बयान
एनसीपी-एसपी विधायक रोहित पवार ने कहा कि छात्रों के साथ हुए कथित अन्याय ने युवाओं को एकजुट किया। उन्होंने कहा कि इस एकता ने यह संदेश दिया है कि जनता लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए साथ खड़ी हो सकती है। रैली में शामिल समर्थकों ने कहा कि आंदोलन ने सरकार को जवाबदेह बनाने का संदेश दिया है। एक छात्रा ने कहा कि लंबे समय से चल रहे विरोध के बाद सफलता मिलने पर युवा यहां जश्न मनाने पहुंचे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


