सुशीला देवी, गुरुग्राम। फरुखनगर क्षेत्र से एक बहुत ही सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां गाड़ी लगने पर हुए मामूली विवाद ने एक 57 साल के चौकीदार की जान ले ली। गुरुग्राम पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर केस का बड़ा खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कमल और हरिशंकर के रूप में हुई है, जिनकी उम्र करीब 26 वर्ष है।

लापता होने के बाद मिला था शव

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 जुलाई को मृतक जयपाल के परिवार वालों ने उनके अचानक लापता होने की शिकायत फरुखनगर थाने में दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने तलाश शुरू की और उसी दिन फरुखनगर-वजीरपुर रोड के पास से जयपाल का शव बरामद कर लिया गया। जब पोस्टमार्टम की रिपोर्ट सामने आई, तो उसमें हत्या की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने तुरंत मामले में हत्या की धाराएं जोड़कर अपनी जांच तेज कर दी।

गाड़ी की टक्कर से शुरू हुआ था विवाद

अपराध शाखा की टीम ने तकनीकी जांच और सुराग जुटाते हुए 24 जुलाई को केएमपी फ्लाईओवर के पास से दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में मुख्य आरोपी कमल ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि 19 और 20 जुलाई की दरमियानी रात गाड़ी पीछे करते समय जयपाल को हल्की सी टक्कर लग गई थी, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई। गुस्से में आरोपी ने पहले डंडे से हमला किया और बाद में शराब लेने गए तो दोबारा विवाद होने पर गमछे से गला घोंटकर जयपाल की हत्या कर दी। इसके बाद अपने साथी हरिशंकर को बुलाकर शव को सड़क किनारे फेंक दिया। पुलिस अब दोनों आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m