सुशील खरे, रतलाम। शहर में हिंदू समाज द्वारा मात्र ढाई घंटे पहले किए गए आह्वान पर आधी रात 12 बजे त्रिवेणी मुक्तिधाम के बाहर हजारों की संख्या में लोग एकत्र हो गए। इस आपात बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी अनंत चतुर्दशी पर निकलने वाले धार्मिक चल समारोह अलग-अलग निकलने के बजाय सामूहिक रूप से एक साथ निकाले जाएंगे। समाजजनों ने इस चल समारोह में एक लाख से अधिक लोगों के सड़कों पर उतरने का आह्वान किया है। इसके साथ ही 6 सितंबर को जेएमडी पैलेस में एक विस्तृत बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें आगे की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
पुलिस बल रहा तैनात, भाजपा नेता भी आए नजर
आधी रात को हजारों लोगों के जुटने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। एहतियात के तौर पर मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। इस बैठक में प्रमुख हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता भी उपस्थित रहे।
ईद मिलादुन्नबी जुलूस की प्रतिक्रिया से जोड़ा जा रहा मामला
हिंदू समाज की इस एकजुटता को बीते दिन ईद मिलादुन्नबी पर निकले जुलूस की प्रतिक्रिया के रूप में देखा जा रहा है। शहरवासियों के अनुसार, जुलूस में अत्यधिक संख्या में डीजे शामिल किए गए थे, जिनकी ध्वनि मानक सीमा से कहीं अधिक (117 डेसिबल तक) थी। तेज आवाज के कारण करीब 6 घंटे तक पूरा शहर परेशान रहा। सोशल मीडिया पर जनता और पत्रकारों के विरोध के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 14 डीजे संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर डीजे जब्त किए।
पूर्व पार्षद नासिर कुरैशी का दिल का दौरा पड़ने से निधन
उल्लेखनीय है कि मुस्लिम समाज की ओर से डीजे न बजाने की अपील के बावजूद यह स्थिति बनी, जिसके अत्यधिक शोर के कारण जुलूस में शामिल 6 बार के पूर्व कांग्रेसी पार्षद नासिर कुरैशी को दिल का दौरा पड़ गया और उनका निधन हो गया। इसी पूरे घटनाक्रम के बाद शहर में हिंदू समाज की यह बड़ी बैठक आयोजित हुई।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


