बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से मुंबई में हड़कंप मच गया है। धमकी भरा ईमेल बॉम्बे हाईकोर्ट को भेजा गया है, जिसमें अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले के अलावा बॉम्बे हाईकोर्ट, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और वर्ली रेसकोर्स को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं।

अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा को धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

जानकारी के मुताबिक, बॉम्बे हाईकोर्ट को मिले धमकी भरे ईमेल में मुंबई की कई महत्वपूर्ण जगहों को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई है। इनमें अमिताभ बच्चन का जुहू स्थित बंगला ‘जलसा’, बॉम्बे हाईकोर्ट, BSE और वर्ली रेसकोर्स शामिल हैं।

ईमेल मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा एजेंसियां धमकी की गंभीरता को देखते हुए सतर्क हैं। पुलिस ईमेल के स्रोत का पता लगाने और धमकी भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल किसी विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है।

आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर को भी मिल चुकी है धमकी

यह पहली बार नहीं है जब बॉलीवुड सितारों को इस तरह की धमकियों का सामना करना पड़ा है। हाल ही में अभिनेता आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर को भी धमकी मिली थी। आयुष्मान खुराना को धमकी देने के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने बेंगलुरु से एक आरोपी को गिरफ्तार किया था, जो पेशे से आईटी इंजीनियर बताया गया। वहीं, तुषार कपूर को मिली धमकी के मामले में भी पुलिस ने जांच की थी।

पहले भी बॉम्बे हाईकोर्ट को मिल चुकी है बम की धमकी

बॉम्बे हाईकोर्ट को इससे पहले भी बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। सितंबर 2025 में धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद कोर्ट परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी और सर्च ऑपरेशन चलाया गया था। हालांकि, जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी।

फिलहाल ताजा धमकी के बाद मुंबई पुलिस की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ईमेल के पीछे किसी की शरारत है या वास्तव में कोई गंभीर सुरक्षा खतरा मौजूद है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m