अनिल शर्मा ,बराड़ा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बराड़ा में तीन दिवसीय योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर 18 मई 2026 से 20 मई 2026 तक आयोजित हुआ, जिसका उद्देश्य प्रतिभागियों को योग प्रोटोकॉल का प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा।

महानिदेशक आयुष, हरियाणा सरकार संजीव वर्मा (IAS) के मार्गदर्शन तथा आयुष विभाग मुख्यालय के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर में बराड़ा ब्लॉक के शारीरिक शिक्षा शिक्षक, DPE, PTI एवं PEA सहित अन्य शिक्षकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

कार्यक्रम का आयोजन जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. राजपाल एवं आयुष विभाग, अंबाला के निर्देशन में किया गया। विद्यालय की प्राचार्या मंजू बाला ने आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई, वहीं खंड शिक्षा अधिकारी जगदीश मेहरा ने प्रतिभागियों को नियमित योग अभ्यास को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

शिविर का समन्वय जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रेम मनोचा द्वारा किया गया तथा संचालन शारीरिक शिक्षक रणजीत सिंह चौहान ने किया। योग प्रशिक्षण के दौरान योग प्रशिक्षक धर्मबीर आर्य, योग इंस्ट्रक्टर इक़बाल सिंह एवं विक्रांत राणा ने प्रतिभागियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया।

इस दौरान प्रतिभागियों को ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, मंडूकासन, प्राणायाम एवं अनुलोम-विलोम सहित अनेक योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रतिदिन प्रार्थना से की गई तथा समापन शांति पाठ के साथ किया गया। शिविर के सफल आयोजन से प्रतिभागियों में योग के प्रति जागरूकता और उत्साह देखने को मिला।